झारखंड के देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र में हुई बाइक लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसआईटी ने दो आरोपियों को लूटी गई मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है।

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।  

झारखंड के देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र में हुई लूटपाट की एक घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष अनुसंधान दल (SIT) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लूटी गई मोटरसाइकिल के साथ दो शातिर अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

  23 अगस्त 2026 की शाम करीब 07:30 बजे, काण्ड के वादी सोहेल अंसारी (पिता-सलीम अंसारी, निवासी-घोंघा, थाना-मोहनपुर) देवघर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तिलैया मंझीयाना के पास तीन अज्ञात अपराधियों ने उनके साथ मारपीट की और उनकी TVS Raider बाइक (रजिस्ट्रेशन नंबर- JH15AH-1690, इंजन नंबर- AF9CR1045843, चेचिस नंबर- MD625AF94R1CA6459) लूट कर फरार हो गए थे। इस संबंध में मोहनपुर थाना कांड संख्या-141/2026, धारा-309(6) बी०एन०एस० के तहत मामला दर्ज किया गया था।

 घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा एक एसआईटी का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी करते हुए इस कांड में संलिप्त दो मुख्य आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान चन्द्रशेखर ठाकुर  (21 वर्ष)  पिता-अंग्रेज ठाकुर, निवासी-झालर, थाना-मोहनपुर और नितिश यादव (21 वर्ष) पिता-प्रेमचन्द्र यादव, निवासी-कुरेवा, थाना-मोहनपुर के रहनेवाले हैं।  

 पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वादी की लूटी गई TVS Raider बरामद कर ली है। इस छापामारी दल में मोहनपुर थाना प्रभारी सह पुलिस अंचल निरीक्षक संदीप कृष्णा, पु०अ० मनेन्द्र कुमार, आरक्षी बिपिन कुमार राउत और स्थानीय चौकीदार शामिल थे। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

 

...........................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822