देवघर नगर निगम में राजस्व संग्रहण को लेकर नगर आयुक्त की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। डोर-टू-डोर प्रॉपर्टी टैक्स वसूली पर जोर देते हुए बकाएदारों को नोटिस जारी करने और समय पर टैक्स जमा करने के निर्देश दिए गए।

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

देवघर नगर निगम कार्यालय सभागार में नगर आयुक्त की अध्यक्षता में राजस्व संग्रहण को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व वृद्धि एवं संपत्ति कर (प्रॉपर्टी टैक्स) की वर्तमान वसूली स्थिति की बिंदुवार समीक्षा की गई तथा कर संग्रहण प्रक्रिया में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए गए।

बैठक में नगर आयुक्त ने सभी राजस्व निरीक्षकों (RI) को स्पष्ट हिदायत दी कि वे अपने-अपने आवंटित वार्डों में डोर-टू-डोर जाकर शत-प्रतिशत संपत्ति कर संग्रह सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र का कोई भी करदाता टैक्स भुगतान से वंचित न रहे। साथ ही, भुगतान में आनाकानी करने वाले अथवा लंबे समय से बकाया रखने वाले करदाताओं को तत्काल नियमानुसार नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया।

अधिकारियों ने किया स्थल निरीक्षण

राजस्व संग्रहण में तेजी लाने और वसूली की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के उद्देश्य से सहायक नगर आयुक्त गौरव कुमार एवं नगर मिशन प्रबंधक हिमांशु शेखर ने विभिन्न इलाकों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संग्रह कार्य की प्रगति देखी और संबंधित कर्मियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप काम करने की ताकीद की।

फिलहाल केवल प्रॉपर्टी टैक्स की होगी वसूली

बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप वर्तमान में केवल प्रॉपर्टी टैक्स (संपत्ति कर) का ही संग्रहण किया जा रहा है। ट्रेड लाइसेंस एवं वाटर यूजर चार्ज (जल उपभोक्ता शुल्क) की वसूली विभाग से आधिकारिक आदेश प्राप्त होने के बाद ही शुरू की जाएगी। तब तक सभी अधिकारियों और कर्मियों का पूरा ध्यान केवल प्रॉपर्टी टैक्स कलेक्शन पर केंद्रित रहेगा।

जन सुविधा केंद्र में टैक्स जमा करने की व्यवस्था

करदाताओं की सहूलियत के लिए देवघर नगर निगम कार्यालय स्थित जन सुविधा केंद्र में भी संपत्ति कर जमा करने की व्यवस्था की गई है। जिन्हें ऑनलाइन भुगतान या डोर-टू-डोर कलेक्शन में परेशानी हो रही है, वे सीधे जन सुविधा केंद्र आकर अपना होल्डिंग टैक्स जमा कर सकते हैं।

समय पर टैक्स जमा करने की अपील

देवघर नगर निगम ने आम नागरिकों से समय पर संपत्ति कर जमा करने की अपील की है, ताकि अनावश्यक बकाया और दंडात्मक शुल्क से बचा जा सके। निगम ने कहा कि करदाता समय पर भुगतान कर शहर के विकास में अपनी भागीदारी निभाएं। समीक्षा बैठक में सहायक नगर आयुक्त, नगर मिशन प्रबंधक, टैक्स दरोगा, राजस्व निरीक्षक (RI) एवं टैक्स कलेक्टर सहित अन्य अधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे। सभी को निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

.................................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822