देवघर के रिखिया थाना क्षेत्र में मालवाहक टेम्पो चोरी के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी की गई टेम्पो और घटना में प्रयुक्त दूसरा वाहन भी बरामद कर लिया है। पूरी खबर पढ़ें कंचन क्रांति न्यूज़

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।  

देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र में वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बड़े मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी गए मालवाहक टेम्पो के साथ तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की गई टेम्पो के अलावा घटना में प्रयुक्त एक अन्य सवारी टेम्पो भी बरामद कर ली है।

 प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत पांच अक्टूबर को रिखिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम महेशमारा रेलवे ओवरब्रिज के पास के रहने वाले बासुदेव यादव पिता सुरेन्द्र यादव ने रिखिया थाना में एक लिखित आवेदन दिया था। आवेदक के अनुसार, उनकी मालवाहक टेम्पो रजिस्ट्रेशन नंबर- JH 15Y 2481 की चोरी अज्ञात चोरों द्वारा कर ली गई थी। इस संबंध में रिखिया थाना कांड संख्या- 121/26, दिनांक 05.10.2026, धारा 303(2) बीएनएस (BNS) के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

  घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशानुसार एक विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों और सूचना के आधार पर पुलिस ने इस कांड को अंजाम देने वाले तीन नामजद अभियुक्तों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित यादव उर्फ बाबा (20 वर्ष) पिता प्रेम प्रसाद यादव, कुंदन कुमार उर्फ अंडे (19 वर्ष) पिता विष्णुदेव यादव और विकास यादव उर्फ बिजु (30 वर्ष) पिता भुनेश्वर महतो, सभी निवासी- महतवाईनडीह, थाना- रिखिया, जिला- देवघर के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

छापेमारी टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई मालवाहक टेम्पो, घटना को कारित करने में प्रयुक्त सवारी टेम्पो बरामद किए हैं। इस सफल अभियान को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी पुअनि प्रभात कुमार, पुअनि अनिल कुमार, सअनि बेन्जा उरांव एवं रिखिया थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

..........................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822।