देवघर में सैनिक संपर्क मेले का समापन। उपराष्ट्रपति व राज्यपाल ने सैनिकों के कल्याण को सराहा, वहीं सांसद निशिकांत दुबे ने गोड्डा में मेडिकल कॉलेज की मांग उठाई।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले प्रहरियों के त्याग और समर्पण को नमन करते हुए उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने दो टूक कहा है कि सैनिकों, पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों का सम्मान व कल्याण करना किसी एक विभाग का नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि सैनिक अपनी जवानी देश के नाम समर्पित कर देते हैं, ऐसे में उनके परिवारों की देखभाल करना हर नागरिक का परम कर्तव्य है।
शनिवार को देवघर के दर्दमारा स्थित हिंदुजा अस्पताल व बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट परिसर में 'सदैव आपके साथ' विषय पर आयोजित दो दिवसीय सैनिक संपर्क मेले के समापन समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने ये बातें कहीं। इस दौरान उन्होंने भारतीय सेना, जिला प्रशासन और गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे के प्रयासों की सराहना की।
झारखंड वीरता और बलिदान की भूमि: उपराष्ट्रपति
उपराष्ट्रपति ने झारखंड की वीर भूमि का स्मरण करते हुए कहा कि यह प्रदेश परमवीर चक्र विजेता लांस नायक अल्बर्ट एक्का के साथ-साथ भगवान बिरसा मुंडा, तिलका मांझी, सिदो-कान्हू और नीलांबर-पीतांबर जैसे अमर जनजातीय नायकों की जन्मस्थली है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा पूर्व सैनिकों के लिए 'वन रैंक, वन पेंशन' (OROP) लागू किए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि सैनिकों के जीवन को सुगम बनाने के प्रयास निरंतर जारी रहने चाहिए।
सैनिकों की सेवा करना ही राष्ट्रसेवा: राज्यपाल

समारोह की अध्यक्षता करते हुए झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि सैनिक केवल सीमाओं पर पहरा नहीं देते, बल्कि वे देश की संस्कृति, अखंडता और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की भी सुरक्षा करते हैं। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का हवाला देते हुए भारतीय जवानों के अदम्य साहस को सराहा। राज्यपाल ने स्पष्ट किया कि भारत शांति में विश्वास रखता है, लेकिन राष्ट्रीय संप्रभुता और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि सैनिकों के प्रति सम्मान केवल शब्दों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके परिवारों की जरूरतों को पूरा करने में भी दिखना चाहिए।
एम्स की स्वास्थ्य सेवाओं पर मंथन

समापन समारोह के दौरान गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने अपने संसदीय क्षेत्र की जमीनी जरूरतों को पुरजोर तरीके से उठाया। उन्होंने संताल परगना की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को रेखांकित करते हुए देवघर एम्स में मरीजों के भारी दबाव का मुद्दा उठाया। सांसद ने कहा कि एम्स ओपीडी में रोजाना पांच से छह हजार मरीज पहुंच रहे हैं, जिससे गंभीर रोगियों के लिए आईसीयू और आपातकालीन सेवाओं को और सुदृढ़ करने की आवश्यकता है।
इसके साथ ही, सांसद डॉ. दुबे ने अपने संसदीय क्षेत्र गोड्डा में भी मेडिकल कॉलेज खोले जाने की जोरदार मांग रखी, ताकि संताल परगना के मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा शिक्षा और इलाज की सुविधा मिल सके। उन्होंने पोड़ैयाहाट क्षेत्र की घटना का हवाला देते हुए एम्बुलेंस सेवाओं में जीवनरक्षक उपकरणों और ऑक्सीजन की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित करने पर भी कड़ा जोर दिया।
उपराष्ट्रपति से बाबाधाम आने का विशेष आग्रह
कार्यक्रम के अंत में गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से बार-बार देवघर आते रहने और विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम के साथ-साथ शक्तिपीठों में दर्शन करने का विशेष आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जब देश के शीर्ष विशिष्टजन ऐसे क्षेत्रों में आते हैं, तो केंद्र और राज्य सरकारों का ध्यान यहां के विकास और बुनियादी जरूरतों की ओर तेजी से आकर्षित होता है।
चार-लेन रिंग रोड से सुगम होगा आवागमन
सांसद ने क्षेत्र के विकास का खाका रखते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देवघर को 65 किलोमीटर लंबा चार-लेन रिंग रोड मिलने जा रहा है। यह सड़क एयरपोर्ट से एम्स होते हुए बासुकिनाथ मार्ग और गोड्डा सड़क से जुड़ेगी, जिससे क्षेत्र में आवागमन और यातायात व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
शस्त्र प्रदर्शनी और निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आकर्षण

समारोह के दौरान उपराष्ट्रपति ने सैन्य शस्त्र प्रदर्शनी का बारीकी से निरीक्षण किया। वहीं, मेले में आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर में सैकड़ों लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। इस अवसर पर सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने अतिथियों को अंग वस्त्र और बाबा बैद्यनाथ का मोमेंटो भेंटकर सम्मानित किया।
इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट की चेयरपर्सन अनामिका गौतम, सैन्य अधिकारी, पूर्व सैनिक, वीर नारियां और बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
.................................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822