झारखंड के देवघर जिले के तपोवन क्षेत्र में हुए गोलीकांड मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सुधांशु कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से एक देशी पिस्टल और मोबाइल बरामद किया गया है।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
देवघर जिले के कुण्डा थाना क्षेत्र स्थित तपोवन पहाड़ के पास युवक को गोली मारने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में गठित छापामारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस कांड में शामिल मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त देसी पिस्टल और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
बीती 25 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 12:00 बजे तपोवन पहाड़ के मधवा अहड़ा तालाब के पास फायरिंग की एक सनसनीखेज घटना घटी थी। इस गोलीबारी में तपोवन जमुआ (थाना मोहनपुर) निवासी उमेश यादव को गोली लग गई थी, जिन्हें गंभीर हालत में सदर अस्पताल देवघर में भर्ती कराया गया था। घायल के फर्दबयान के आधार पर कुण्डा थाना में कांड संख्या-120/2026 दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ सदर के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था।
साक्ष्यों के आधार पर पुलिस लगातार आरोपियों की धरपकड़ में जुटी थी। इसी क्रम में 28 सितंबर 2026 की रात को गुप्त सूचना मिली कि ढाकोडीह के पास फोर लेन सड़क किनारे तपोवन गोलीकांड का वांछित आरोपी मौजूद है। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी सुधांशु कुमार (उम्र 18 वर्ष, पिता - उमेश कुमार यादव, मूल निवासी - बावनबीघा, थाना मधुपुर, वर्तमान पता - तपोवन जमुआ, थाना कुण्डा, देवघर) को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक देशी पिस्टल और एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन – 01 बरामद किया गया है। इस मामले में आर्म्स एक्ट (Arms Act) के तहत कुण्डा थाना कांड संख्या-123/26 दर्ज कर गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस छापामारी दल में एसडीपीओ सदर कुलदीप कुमार, थाना प्रभारी कुण्डा प्रशांत कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मी शामिल थे।
...........................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822