झारखंड के दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन पर देवघर में झामुमो और नगर निगम ने शोक सभा आयोजित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

झारखंड के मंत्री श्री सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन पर देवघर में गहरा शोक व्याप्त है। इस दुखद घड़ी में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) देवघर जिला इकाई और देवघर नगर निगम की ओर से अलग-अलग शोक सभाओं का आयोजन कर दिवंगत आत्माओं को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

 

झामुमो देवघर जिला इकाई द्वारा आयोजित शोक सभा में पार्टी के समर्पित संगठनकर्ता, प्रखर वक्ता और मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के साथ-साथ देवघर प्रखंड के निष्ठावान कार्यकर्ता मो. शमीम के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर नमन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि 'सुदिव्य दा' का जाना झामुमो परिवार और पूरे झारखंड के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनका सांगठनिक कौशल, स्पष्ट विचार और जनसरोकार के प्रति समर्पण सदैव सभी को प्रेरित करता रहेगा। इसके साथ ही जमीन पर पार्टी को मजबूत करने वाले मो. शमीम के निस्वार्थ योगदान को भी याद किया गया।

 

दूसरी ओर, देवघर नगर निगम के सभागार में भी एक विशेष शोक सभा आयोजित की गई। इसमें माननीय महापौर, नगर आयुक्त, पार्षदगण सहित निगम के समस्त पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत मंत्री को अपनी श्रद्धांजलि दी।

 

दोनों ही कार्यक्रमों में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की चिर शांति के लिए प्रार्थना की और ईश्वर से शोकाकुल परिजनों एवं कार्यकर्ताओं को यह असीम दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822