पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में जनकपुर से शुरू हुई पर्यावरण चेतना साइकिल यात्रा पटना से यूपी के लिए रवाना हुई। आरएलएम कार्यालय में यात्रियों का अभिनंदन किया गया।

 

कंचन क्रांति न्यूज़, पटना।

पद्मश्री एवं पद्मभूषण से अलंकृत प्रसिद्ध पर्यावरणविद डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में नेपाल के जनकपुर से प्रारंभ हुई राष्ट्रीय पर्यावरण चेतना साइकिल यात्रा रविवार प्रातः पटना से उत्तर प्रदेश के लिए प्रस्थान कर गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के प्रदेश कार्यालय में आयोजित गरिमामय समारोह में डॉ. जोशी और उनके साथ आए सभी साइकिल यात्रियों का भव्य अभिनंदन किया गया। समारोह में राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख एवं सांसद उपेंद्र कुशवाहा की अनुपस्थिति में पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश की धर्मपत्नी साक्षी मिश्रा कुशवाहा ने साइकिल यात्री दल का स्वागत किया। उन्होंने यात्रियों के साथ प्रतीकात्मक रूप से साइकिल चलाकर उन्हें आगे के सफर के लिए विदा किया।

जन-आंदोलन से ही संभव है प्रकृति का बचाव: डॉ. जोशी

समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने कहा, "इस यात्रा का उद्देश्य केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक दूरी तय करना नहीं है, बल्कि जन-संवाद के माध्यम से प्रकृति संरक्षण को एक राष्ट्रव्यापी जन-आंदोलन बनाना है।

उन्होंने कहा कि बिहार नदियों की संस्कृति, कृषि समृद्धि और जीवंत ग्रामीण जीवन की पहचान रहा है। यहाँ गंगा सहित अनेक नदियाँ, आहर-पाइन, तालाब और पारंपरिक जलस्रोत हमारी जीवन-व्यवस्था का मुख्य आधार रहे हैं। लेकिन आज बाढ़, जलजमाव, भूजल का गिरता स्तर और ताल-तलैयों का अतिक्रमण गंभीर चिंता का विषय है। डॉ. जोशी ने स्पष्ट किया कि इन चुनौतियों का समाधान केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है; इसके लिए सरकार, समाज, पंचायतों, शिक्षण संस्थानों, युवाओं और प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता अनिवार्य है।

ज्ञान और चेतना की भूमि से विचार को नई ऊर्जा: साक्षी मिश्रा

स्वागत भाषण में साक्षी मिश्रा कुशवाहा ने कहा कि बिहार की ऐतिहासिक ज्ञान और लोकतांत्रिक चेतना की भूमि से इस राष्ट्रीय यात्रा को आगे बढ़ाते हुए हम केवल एक दल को विदाई नहीं दे रहे, बल्कि प्रकृति संरक्षण के विचार और संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. जोशी ने समाज को यह दृष्टि दी है कि प्रकृति का संरक्षण महज पर्यावरण का मुद्दा नहीं, बल्कि हमारी अर्थव्यवस्था, संस्कृति और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य का आधार है।

17 से 70 वर्ष के यात्रियों का हुआ सम्मान

इससे पूर्व आयोजित सम्मान समारोह में यात्रा दल में शामिल देश के विभिन्न हिस्सों के 17 से लेकर 70 वर्ष आयु तक के युवाओं, वैज्ञानिकों एवं समाजसेवियों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले यात्रियों में डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के साथ पंकज मालवीय, विजयेश्वर प्रसाद (अनिल), देवेश कोठारी, विनोद खाती, रंजना, तनुजा, ज्योति, मेघा, प्रमोद जोशी, केसराज यादव, चंदन सिंह बोरा, गीतांशु जोशी, ललित सिंह, अमर सिंह, मो. फरमान और जितेश कुमार शामिल थे।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822