35 जंगली हाथियों के झुंड ने नया प्राथमिक विद्यालय के प्रभारी पारा शिक्षक गिरजा मुर्मू की पटककर हत्या कर दी। पढ़ें पूरी डिजिटल रिपोर्ट।
धनबाद। झारखंड के धनबाद जिले के टुंडी प्रखंड से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज खबर सामने आई है। प्रखंड के सुदूर पश्चिम क्षेत्र स्थित मनियाडीह थाना क्षेत्र के जाताखुंटी पंचायत अंतर्गत गुलियाडीह गांव में बीते सोमवार देर रात हाथियों के एक आक्रामक झुंड ने तांडव मचाया। इस दौरान 35 जंगली हाथियों के झुंड ने नया प्राथमिक विद्यालय गुलियाडीह के प्रभारी पारा शिक्षक गिरजा मुर्मू को पटक-पटक कर मौत के घाट उतार दिया।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की देर रात लगभग 35 जंगली हाथियों का एक बड़ा झुंड अचानक गुलियाडीह गांव में आ धमका। हाथियों के इस झुंड को देखकर पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीण अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। इसी दौरान, प्रभारी पारा शिक्षक गिरजा मुर्मू हाथियों के इस झुंड के सामने आ गए और वे सुरक्षित निकल नहीं पाए। हाथियों ने उन्हें अपने चपेट में ले लिया और पटक-पटक कर उनकी जान ले ली।
घटना के बाद से पूरे गुलियाडीह गांव सहित आसपास के इलाकों में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार जंगली हाथियों का आतंक बढ़ता जा रहा है, लेकिन वन विभाग की ओर से सुरक्षा और सुरक्षात्मक उपायों को लेकर कोई पुख्ता कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद मनियाडीह थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच चुकी है तथा स्थिति का जायजा ले रही है।
इस अप्रत्याशित और दुखद घटना से शिक्षक संघ और स्थानीय ग्रामीणों में गहरा शोक है। लोगों ने सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि मृतक पारा शिक्षक गिरजा मुर्मू के आश्रित परिवार को तत्काल उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए, साथ ही क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही पर रोक लगाने के लिए स्थायी समाधान निकाला जाए।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822