दुर्गापूजा का प्रसाद बनाते समय 5 किलो का गैस सिलेंडर फटने से चाची और 5 साल की बच्ची की दर्दनाक मौत। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
गिरिडीह। गिरिडीह जिले के धनवार प्रखंड अंतर्गत जरीसिंगा पंचायत के मनगसो गांव में रविवार शाम एक भीषण हादसे में चाची और उनकी पांच वर्षीय भतीजी की दर्दनाक मौत हो गई। दुर्गापूजा के पावन अवसर पर घर में प्रसाद बनाने के दौरान एक छोटे गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई और कुछ ही पलों में वह जोरदार धमाके के साथ फट गया। इस दुर्घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया।
मृतकों की पहचान मनगसो गांव निवासी वैद्यनाथ विश्वकर्मा की 26 वर्षीय पत्नी कविता देवी और गुड्डू राणा की पांच वर्षीय बेटी शीतल कुमारी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब छह बजे कविता देवी अपने घर में दुर्गापूजा को लेकर प्रसाद तैयार कर रही थीं। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। आग की लपटें देखकर घर और आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। ग्रामीण और परिवार के लोग स्थिति को भांपते हुए आग बुझने या स्थिति सामान्य होने का इंतजार कर रहे थे और दरवाजे के पास खड़े होकर सावधानी बरत रहे थे। तभी, बिना संभलने का मौका दिए, सिलेंडर एक भीषण धमाके के साथ फट गया। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि सिलेंडर दरवाजे से टकराते हुए सीधे कविता देवी और पास ही खड़ी पांच साल की मासूम शीतल कुमारी पर जा गिरा, जिससे दोनों गंभीर रूप से इसकी चपेट में आ गए।
पांच वर्षीय शीतल कुमारी को विस्फोट के बाद संभलने या अस्पताल ले जाने का मौका तक नहीं मिला और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। इस भयानक हादसे में गंभीर रूप से घायल हुईं कविता देवी को फौरन इलाज के लिए रेफरल अस्पताल धनवार ले जाया जा रहा था, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
इस अचानक हुई दोहरी मौतों से पूरे परिवार में कोहराम मच गया। त्योहार की उमंग और खुशियां चंद मिनटों में आंसुओं और मातम में विलीन हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही परसन ओपी प्रभारी सोनू कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए परिजनों से पूरी जानकारी ली। हालांकि, इस हृदयविदारक घटना से आहत परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी और कविता देवी के भैंसूर बिटेश राणा ने बताया कि विस्फोट की आवाज इतनी भीषण थी कि पूरा गांव थर्रा उठा। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और तुरंत दौड़कर घटनास्थल की ओर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस दुखद हादसे ने कविता देवी के पति और पूरे परिवार को गहरा आघात पहुंचाया है, वहीं इस अकल्पनीय क्षति से पूरे मनगसो गांव में गहरा शोक व्याप्त है।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822