गोड्डा के पथरगामा प्रखंड स्थित होपनाटोला गांव में कुड़मि जनजाति ने सोहराय बांधना पर्व धूमधाम से मनाया। गाय-बैलों की पूजा और पारंपरिक गीत-संगीत के साथ पुरखों की संस्कृति निभाई गई।

जितेंद्र कुमार दुबे, गोड्डा।

गोड्डा जिले के पथरगामा प्रखंड अंतर्गत पीपरा पंचायत के होपनाटोला गांव में कुड़मि जनजाति का पारंपरिक सोहराय बांधना पर्व धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरे गांव में पारंपरिक रीति-रिवाजों, लोकगीतों और सांस्कृतिक गतिविधियों की झलक देखने को मिली। ग्रामीणों ने अपनी पुरानी परंपराओं का निर्वहन करते हुए गाय-बैलों की पूजा की और सुख-समृद्धि की कामना की। पर्व के दौरान गांव का माहौल नगाड़ा और मांदर की थाप के साथ सोहराय गीतों से गुंजायमान रहा।

इस अवसर पर आदिबासि कुड़मि समाज के जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार महतो ने कहा कि सोहराय पर्व कुड़मि जनजाति के बारह महीने में मनाए जाने वाले तेरह प्रमुख त्योहारों में से एक महत्वपूर्ण पर्व है। यह त्योहार मुख्य रूप से पशुधन के प्रति सम्मान, कृषि संस्कृति और प्रकृति के साथ समुदाय के गहरे जुड़ाव का प्रतीक है। इसमें गाय और बैलों की पूजा की जाती है, क्योंकि ग्रामीण जीवन और कृषि व्यवस्था में पशुधन का विशेष महत्व रहा है।

उन्होंने कहा कि कुड़मि समुदाय के लोग अपने पूर्वजों से मिली संस्कृति और परंपराओं को आज भी पूरी निष्ठा के साथ जीवित रखे हुए हैं। सोहराय बांधना पर्व इसका एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। आधुनिकता के दौर में भी गांवों में इस पर्व को पारंपरिक तरीके से मनाया जाना समुदाय की सांस्कृतिक पहचान और अपनी जड़ों से जुड़ाव को दर्शाता है।

घर-आंगन से गोहाल तक होती है विशेष तैयारी

सोहराय पर्व की शुरुआत घर-आंगन और खलिहान की साफ-सफाई से होती है। ग्रामीण अपने घरों की सफाई करने के बाद मिट्टी से लिपाई करते हैं। इस अवसर पर मिट्टी का नया चूल्हा भी बनाया जाता है। वहीं गाय-बैलों को स्नान कराकर उनकी साफ-सफाई की जाती है। इसके बाद पशुओं को तेल, सिंदूर और काजल लगाया जाता है। गोहाल पूजा के दिन रात में विशेष विधि-विधान के साथ पशुधन की पूजा की जाती है और उन्हें चुमाया जाता है।

दिनेश महतो ने बताया कि कुड़मि समुदाय में गोहाल पूजा के दौरान मुर्गा-मुर्गी और पाठा की बलि देने की भी पारंपरिक प्रथा रही है। पर्व के दौरान मड़इर बांधना, चकपुरा, गाय-बैलों को चुमाना, गोहाल में पुआ-पकवान बनाकर पूजा करना और हल-जुआठ की पूजा जैसे कई पारंपरिक नेग-नियम निभाए जाते हैं।

नगाड़ा-मांदर की थाप पर रातभर गूंजते हैं सोहराय गीत

सोहराय बांधना पर्व का सबसे आकर्षक पक्ष इसका सामूहिक सांस्कृतिक आयोजन है। इस दौरान गांव के लोग रातभर जागरण करते हैं। नगाड़ा और मांदर की थाप पर पारंपरिक सोहराय गीत गाए जाते हैं। ग्रामीण टोली बनाकर घर-घर जाते हैं और गीत-संगीत के माध्यम से पर्व की खुशियां साझा करते हैं। इससे पूरे गांव में उत्सव और सामुदायिक एकजुटता का माहौल बनता है।

पर्व के अवसर पर कुड़मि समुदाय के घरों में पारंपरिक पुआ-पकवान भी बनाए जाते हैं। दिनेश महतो के अनुसार, सोहराय पर्व में जितने नेग-नियम और रीति-रिवाज निभाए जाते हैं, उनकी तुलना समुदाय के शादी-विवाह की परंपराओं से की जा सकती है। गीत-संगीत से लेकर चौक पूरने तक प्रत्येक रस्म कुड़मालि संस्कृति के अनुसार संपन्न की जाती है।

उन्होंने कहा कि कुड़मि जनजाति के लगभग हर गांव और घर में सोहराय पर्व मनाया जाता है। यह केवल धार्मिक या पारंपरिक आयोजन नहीं, बल्कि समुदाय की सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विरासत और पूर्वजों की जीवनशैली को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम भी है।

इस अवसर पर आदिबासि कुड़मि समाज के सदस्य रामेश्वर महतो, दीपक कुमार महतो, प्रिंस कुमार महतो, दिव्यांश कुमार महतो, कलावती महतो, सोनी महतो, दीप्तिश्री महतो, बिच्छो कुमारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं समाज के अन्य लोग उपस्थित थे।

………………………………………………………………………………………..

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822