चेनारी थाना क्षेत्र के चंद्रकौथी गांव में 70 वर्षीय साधु गुप्त पासवान की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी।
रोहतास। बिहार के रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत चंद्रकौथी गांव में सोमवार को इंसानियत को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां गांव से बाहर नदी के समीप मंदिर बनाकर रह रहे 70 वर्षीय साधु गुप्त पासवान की अज्ञात अपराधियों ने लाठी-डंडों से पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है और ग्रामीणों में भारी रोष देखा जा रहा है।
मृतक गुप्त पासवान के दो पुत्र लव कुमार (18) और कुश कुमार (16) हैं। रोज की तरह सोमवार को उनकी पत्नी उनके लिए खाना लेकर मंदिर पहुंचीं। उन्होंने काफी देर तक साधु को जगाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने आसपास के ग्रामीणों को इसकी सूचना दी।
मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पहले यह आशंका जताई कि साधु की मौत सर्पदंश (सांप काटने) से हुई है। इसके बाद ग्रामीण उनका अंतिम संस्कार करने के लिए शव को दफनाने हेतु गड्ढा खोदने लगे। इसी दौरान अचानक किसी ग्रामीण की नजर उनके सिर से निकल रहे खून पर पड़ी। माजरा संदिग्ध लगने पर तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई।
मृतक की पत्नी का आरोप है कि उनके पति के सिर पर लाठी-डंडों से वार कर हत्या की गई है। उन्होंने आशंका जताई है कि अपराधियों ने किसी अन्य जगह पर उनकी हत्या करने के बाद शव को लाकर मंदिर में सुला दिया और ऊपर से चादर ओढ़ा दी, ताकि मामला प्राकृतिक मौत या सर्पदंश का लगे।
घटना की सूचना मिलते ही चेनारी थानाध्यक्ष राजीव रंजन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया है।
थानाध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है। परिजनों के लिखित बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। हालांकि, अभी तक हत्या के स्पष्ट कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822