झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दिवंगत मां रूपी सोरेन के संस्कार भोज में पैतृक गांव नेमरा में विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, योग गुरु स्वामी रामदेव और कई मंत्रियों व आम लोगों ने नेमरा पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।


रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां दिवंगत रूपी सोरेन के संस्कार भोज के अवसर पर रविवार को उनके पैतृक गांव नेमरा में श्रद्धा और संवेदनाओं का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से लेकर देर शाम तक देश और राज्य के कोने-कोने से लोगों के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी रहा। इस दुखद घड़ी में राजनीतिक दलों के शीर्ष नेताओं, राज्य के मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और सामाजिक हस्तियों के साथ-साथ हज़ारों की संख्या में आम लोगों ने नेमरा पहुंचकर दिवंगत रूपी सोरेन को अंतिम जोहार कहा और शोक संतप्त सोरेन परिवार को ढांढस बंधाया।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वयं पूरे आयोजन की कमान संभाल रखी थी। उन्होंने व्यक्तिगत रूप से हर आगंतुक से मुलाकात की और दुख के इस समय में परिवार का साथ देने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

संस्कार भोज में राज्य और देश की कई प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की। योग गुरु स्वामी रामदेव विशेष रूप से हेलीकॉप्टर से नेमरा पहुंचे। उन्होंने दिवंगत रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व परिजनों से मिलकर संवेदनाएं व्यक्त कीं।

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भी नेमरा पहुंचकर मुख्यमंत्री से मुलाकात की और शोक व्यक्त किया। राज्यपाल ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को यह अपार दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

दिवंगत रूपी सोरेन के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए राज्य सरकार के कई मंत्री और जनप्रतिनिधि भी पहुंचे। इनमें मुख्य रूप से वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, श्रम मंत्री संजय यादव, मंत्री योगेंद्र महतो के अलावा पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर, कांग्रेस नेता शाहजादा अनवर समेत कई अन्य नेताओं ने भी पुष्पांजलि अर्पित की। सभी नेताओं ने रूपी सोरेन के वात्सल्य, स्नेहिल व्यक्तित्व और सोरेन परिवार के निर्माण व संघर्षों में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया।

विशाल भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए जिला व पुलिस प्रशासन द्वारा यातायात और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। गोला डीवीसी चौक से लेकर नेमरा तक के लगभग 30 किलोमीटर लंबे मार्ग पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

लुकैयाटांड़ से नेमरा के बीच 8 अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग बनाई गई थी। वाहनों से उतरने के बाद लोगों को मुख्यमंत्री के आवास तक पहुंचाने के लिए 340 ऑटो और टोटो लगाए गए थे।

धूप और भीड़ से बचाव के लिए जगह-जगह वाटरप्रूफ पंडाल और बैठने की व्यवस्था की गई थी।

हालांकि, लोगों की अप्रत्याशित संख्या के कारण पार्किंग स्थलों पर गाड़ियों का भारी दबाव देखने को मिला, जिसके चलते कई श्रद्धालुओं को पैदल ही नेमरा गांव तक का सफर तय करना पड़ा।

नेमरा में जुटी इस ऐतिहासिक भीड़ ने सोरेन परिवार के प्रति आम जनता के गहरे जुड़ाव और आत्मीयता को एक बार फिर प्रदर्शित किया। प्रशासनिक निगरानी और स्थानीय लोगों के सहयोग से संस्कार भोज शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके परिवार ने इस कठिन समय में नेमरा पहुंचे सभी आम नागरिकों, नेताओं, प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिसकर्मियों का हृदय से आभार प्रकट किया।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822