हाजीपुर। बिहार के वैशाली जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिवंशपुर मुसहरी टोला में नशे की लत ने एक हंसते-खेल्ते परिवार को उजाड़ दिया। नशे में धुत एक पति ने आपसी विवाद के दौरान अपनी ही पत्नी की हंसुआ से गर्दन काटकर निर्मम हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात के दौरान बीच-बचाव करने आई उसकी चाची को भी आरोपी ने नहीं बख्शा और उनकी भी गर्दन रेत दी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हरिवंशपुर मुसहरी टोला निवासी दिलीप माझी अपनी पत्नी चांदनी देवी (35 वर्ष) के साथ रहता था। बीती रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि उस वक्त दिलीप माझी अत्यधिक नशे की हालत में था। नशे में उसका इस कदर आपा खोया कि उसने घर में रखे धारदार हथियार (हंसुआ) से चांदनी देवी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और उसकी गर्दन काटकर हत्या कर दी।

चीख-पुकार सुनकर जब परिवार की अन्य महिलाएं और पड़ोसी मौके पर पहुंचे, तो आरोपी पति ने बीच-बचाव करने आई अपनी चाची पर भी हमला बोल दिया और उनकी भी गर्दन काट दी। इस हमले में चाची गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से स्थिति नाजुक देखते हुए उन्हें पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) रेफर कर दिया गया। वर्तमान में वह पीएमसीएच में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही हैं।

घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना की पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी पति घटना को अंजाम देने के बाद से मौके से फरार है। मृतका के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है तथा हत्यारे पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इलाके में इस सनसनीखेज वारदात के बाद से दहशत और सनसनी का माहौल है।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822