नई दिल्ली। ईरान और पश्चिमी देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच तेहरान से प्रकाशित एक राज्य-संबद्ध अखबार के विवादित ग्राफिक्स ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई चिंता पैदा कर दी है। ईरान के अधिकारियों से जुड़े हमशहरी (Hamshahri) अखबार ने ऑनलाइन एक ग्राफिक जारी किया, जिसमें 13 विदेशी नेताओं और वरिष्ठ अधिकारियों की तस्वीरें प्रकाशित की गईं। ग्राफिक्स में दावा किया गया कि ये वे लोग हैं जिन्हें ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत के लिए जिम्मेदार माना जा रहा है और जिनसे "बदला" लिया जाएगा।
सूची में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के अलावा अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो तथा रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के नाम भी शामिल हैं। इसके साथ ही कुछ अन्य अमेरिकी और इजरायली वरिष्ठ अधिकारियों को भी ग्राफिक्स में जगह दी गई है।
रिपोर्टों के मुताबिक यह ग्राफिक्स उस संदेश के साथ साझा किया गया, जिसमें ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने अपने पिता अली खामेनेई की मौत का बदला लेने की बात कही थी। हालांकि अब तक ईरानी सरकार की ओर से इस सूची को आधिकारिक "हिट लिस्ट" या सरकारी आदेश के रूप में पुष्टि नहीं की गई है। कई अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टों में कहा गया है कि यह सूची अखबार द्वारा प्रकाशित की गई है, लेकिन इसे औपचारिक सरकारी दस्तावेज नहीं बताया गया है।
विश्लेषकों का मानना है कि इस तरह के प्रकाशन से पहले से तनावपूर्ण पश्चिम एशिया की स्थिति और अधिक संवेदनशील हो सकती है। यूरोपीय देशों में इस ग्राफिक्स को गंभीर सुरक्षा चुनौती के रूप में देखा जा रहा है और कई नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। इटली और जर्मनी में भी इस प्रकाशन पर तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है।
हाल के दिनों में ईरान ने यूरोपीय देशों पर आरोप लगाया था कि उन्होंने उसके खिलाफ हुए हमलों की निंदा नहीं की और अमेरिका को अपने हवाई क्षेत्र के उपयोग की अनुमति देकर अप्रत्यक्ष रूप से उसका साथ दिया। इसी पृष्ठभूमि में यह विवादित ग्राफिक्स सामने आया है, जिसने ईरान और पश्चिमी देशों के बीच कूटनीतिक तनाव को और बढ़ा दिया है।
