3 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला आया सामने। रिश्ते के चाचा पर लगा आरोप, पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की


दुमका। झारखंड के दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक तीन साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का कुत्सित प्रयास किया गया है। सबसे हैरान करने वाली और रिश्तों को कलंकित करने वाली बात यह है कि इस घृणित कृत्य को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि पीड़िता का रिश्ते में चाचा ही है। घटना के बाद से आरोपी युवक फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की मां ने शिकारीपाड़ा थाने में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। अपनी शिकायत में मां ने बताया कि वह अपनी तीन साल की छोटी बेटी के साथ अपने कमरे में आराम कर रही थी। कुछ देर के लिए वह किसी काम से बाथरूम गईं और जब वापस लौटीं, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने देखा कि बगल में रहने वाला 25 वर्षीय युवक उनकी मासूम बेटी के साथ दुष्कर्म का प्रयास कर रहा था।

मां के अचानक कमरे में पहुंच जाने के कारण आरोपी घबरा गया। मां को देखते ही वह मौके से फरार हो गया। पीड़िता की मां ने इस घटना के बाद तुरंत थाने का रुख किया और आरोपी युवक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

इस गंभीर मामले पर त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकारीपाड़ा थाने में कांड संख्या 99/26 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट की धारा 65(3) और बीएनएस की धारा 62 के तहत मामला पंजीकृत किया है।

इस संबंध में शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी अमित कुमार लकड़ा ने बताया कि पीड़िता की मां के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आरोपी घटना के बाद से ही फरार चल रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी और प्रयास कर रही हैं। जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया जाएगा।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822