डीसीए ब्लैक को केंट क्रिकेट क्लब ने दो विकेट से हराया, मां मनसा क्लब ए को अंगद क्रिकेट अकादमी ने सात विकेट से दी शिकस्त
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
देवघर जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित देवघर जिला क्रिकेट लीग 2026-27 में शनिवार को दो मैदानों पर रोमांचक मुकाबले खेले गए। केकेएन स्टेडियम में खेले गए मैच में केंट क्रिकेट क्लब ने डीसीए ब्लैक को दो विकेट से पराजित किया, जबकि जसीडीह के चटर्जी ग्राउंड में अंगद क्रिकेट अकादमी ने मां मनसा क्लब ए को सात विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। दिन के मुकाबलों में डीसीए ब्लैक के शुभ अर्पित ने शानदार शतक जड़ा, वहीं अंगद क्रिकेट अकादमी के गेंदबाज नीरज ने छह विकेट लेकर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
शुभ अर्पित का शानदार शतक, केंट क्लब ने डीसीए ब्लैक को दो विकेट से हराया
केकेएन स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर डीसीए ब्लैक ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 35 ओवर में सभी विकेट खोकर 227 रन बनाए। डीसीए ब्लैक की ओर से शुभ अर्पित ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 16 चौके और तीन छक्कों की मदद से 113 रन की शतकीय पारी खेली। वहीं मंटू मंडल ने चार चौके और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाए।
केंट क्रिकेट क्लब की ओर से अभिषेक भोक्ता ने प्रभावशाली गेंदबाजी करते हुए पांच ओवर में 46 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। रुद्र आर्यन ने तीन ओवर में नौ रन देकर दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
228 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केंट क्रिकेट क्लब की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। मोहम्मद अबरार ने 12 चौके और दो छक्कों की मदद से 72 रन बनाए, जबकि आदित्य राउत ने छह चौकों की सहायता से 52 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। रुद्र और सुमित ने भी 33-33 रन बनाकर टीम की जीत में योगदान दिया।
केंट क्रिकेट क्लब ने 28.3 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 228 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया और दो विकेट से मुकाबला अपने नाम किया।
डीसीए ब्लैक की ओर से क्षितिज ने सात ओवर में 59 रन देकर तीन विकेट हासिल किए, जबकि शुभ अर्पित ने छह ओवर में 22 रन देकर दो विकेट झटके।
इस मुकाबले में अंपायर की भूमिका शशांक शशि और राजेश दुबे ने निभाई, जबकि अभय वर्मा स्कोरर रहे।
नीरज की घातक गेंदबाजी, अंगद ने मां मनसा क्लब ए को सात विकेट से हराया

देवघर जिला क्रिकेट लीग का दूसरा मुकाबला जसीडीह स्थित चटर्जी ग्राउंड में अंगद क्रिकेट अकादमी और मां मनसा क्लब ए के बीच खेला गया। इस मैच में टॉस जीतकर मां मनसा क्लब ए ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि, टीम अंगद क्रिकेट अकादमी के गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी और 18.5 ओवर में सभी विकेट गंवाकर महज 90 रन ही बना पाई।
मां मनसा क्लब ए की ओर से प्रशांत राजभर ने तीन चौके और चार छक्कों की मदद से सर्वाधिक 37 रन बनाए। उनके अलावा अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।
अंगद क्रिकेट अकादमी की ओर से नीरज ने घातक गेंदबाजी करते हुए छह ओवर में 28 रन देकर छह विकेट हासिल किए। आयुष कुमार ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 4.5 ओवर में 12 रन देकर दो विकेट झटके।
जीत के लिए मिले 91 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अंगद क्रिकेट अकादमी की टीम ने 17.2 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की ओर से अभिनव सिंह ने पांच चौके और एक छक्के की मदद से 27 रन बनाए, जबकि रोहित राज ने 25 रन का योगदान दिया।
मां मनसा क्लब ए की ओर से राहुल प्रसाद ने अच्छी गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में महज छह रन देकर दो विकेट हासिल किए। इसके बावजूद टीम को हार का सामना करना पड़ा। इस तरह अंगद क्रिकेट अकादमी ने सात विकेट से मुकाबला जीत लिया।
इस मैच में मधुगिरी पांडे और मोहम्मद इमरान अंसारी ने अंपायर की भूमिका निभाई, जबकि तरुण कुमार राय स्कोरर के रूप में मौजूद रहे।
………………………………………………………………………………………..
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822
