बड़ी दुर्गा महारानी मंदिर में पूजा-अर्चना कर बिहार की सुख-समृद्धि की कामना, मुंगेर-भागलपुर के बीच 83 किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव के निर्माण की घोषणा

कंचन क्रांति न्यूज, पटना।

बिहार के मुंगेर जिले के कल्याणपुर में दीपावली की पूर्व संध्या पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बरियारपुर प्रखंड के कल्याणपुर स्थित श्री श्री 108 बड़ी दुर्गा महारानी मंदिर परिसर में दीप प्रज्वलित कर इस आयोजन का शुभारंभ किया। यूथ क्लब कल्याणपुर की ओर से आयोजित इस दीपोत्सव में एक साथ 11 लाख 11 हजार 111 दीप प्रज्वलित किए गए। हजारों दीपों की रोशनी से पूरा मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र जगमगा उठा।

दीपोत्सव में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री ने बड़ी दुर्गा महारानी मंदिर में विधिवत दर्शन और पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां दुर्गा से बिहार की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपों का यह पर्व अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने तथा अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देता है।

गंगा जल प्रबंधन से किसानों के खेतों तक पहुंचेगा सिंचाई का पानी

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बिहार के विकास के लिए सरकार की प्राथमिकताओं और भविष्य की योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने गंगा नदी में आने वाले अतिरिक्त पानी और बाढ़ से किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान का जिक्र करते हुए कहा कि गंगा के जल का समुचित प्रबंधन और बेहतर उपयोग किसानों के हित में बेहद जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस दिशा में 2 नवंबर को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ महत्वपूर्ण समझौता किया गया है। योजना के तहत गंगा नदी से गाद निकालने और जल संसाधनों का बेहतर प्रबंधन करने पर जोर दिया जाएगा। विभिन्न स्थानों पर बांध और आवश्यक जल संरचनाएं विकसित कर गंगा के पानी को सिंचाई के लिए उपयोग में लाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल कर किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाना है, ताकि कृषि उत्पादन बढ़े और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके।

मुंगेर-भागलपुर के बीच बनेगा 83 किलोमीटर लंबा मरीन ड्राइव

मुख्यमंत्री ने मुंगेर और भागलपुर के बीच लगभग 83 किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव के निर्माण कार्य को शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से दोनों जिलों के बीच आवागमन की सुविधा बेहतर होगी। साथ ही क्षेत्र में आधारभूत संरचना के विकास, व्यापारिक गतिविधियों और आर्थिक संभावनाओं को भी गति मिलेगी।

यह परियोजना मुंगेर और भागलपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के लिए विकास की नई संभावनाएं खोल सकती है। इससे स्थानीय लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने के साथ क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है।

2030 से पहले बिहार में रोजगार के बेहतर अवसर देने का लक्ष्य

रोजगार और औद्योगिक विकास को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बिहार में उद्योगों का विस्तार करने, निवेश को प्रोत्साहित करने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 से पहले ऐसी व्यवस्था विकसित करना है, जिससे बिहार के लोगों को मजबूरी में मजदूरी के लिए दूसरे राज्यों में पलायन नहीं करना पड़े।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी और रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके साथ ही अगले पांच वर्षों में एक करोड़ परिवारों को उद्यमी बनाने का लक्ष्य भी रखा गया है। इसके लिए उद्योगों को बढ़ावा देने, निवेश आकर्षित करने और स्वरोजगार के अवसर विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बिहार में ही बेहतर नौकरी, व्यवसाय और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि राज्य के युवा अपने प्रदेश में रहकर ही अपना भविष्य संवार सकें।

विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार उन विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि बिहार को समृद्ध और विकसित राज्य बनाने के लिए सभी क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है।

उन्होंने मां लक्ष्मी, मां सरस्वती, मां दुर्गा और भगवान श्रीराम से बिहार की निरंतर प्रगति और प्रत्येक परिवार की खुशहाली की कामना की। साथ ही कल्याणपुर में इतने बड़े स्तर पर दीपोत्सव आयोजित करने के लिए यूथ क्लब, प्रसिद्ध होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. नीतीश चंद्र दुबे और स्थानीय लोगों को बधाई दी।

मानव श्रृंखला बनाकर मुख्यमंत्री का किया अभिनंदन

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया। वहीं कल्याणपुर के स्थानीय लोगों ने मानव श्रृंखला बनाकर फूल-मालाओं के साथ मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।

इस अवसर पर विधायक कुमार प्रणय, विधायक ललित नारायण मंडल, विधायक मनोज यादव, विधान पार्षद एनके यादव, विधान पार्षद लाल मोहन गुप्ता, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक राकेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पनिकर, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. अरुण पोद्दार, प्रसिद्ध होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. नीतीश चंद्र दुबे सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

………………………………………………………………………………………..

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office  - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822