देवघर में ओलंपिक सप्ताह के समापन पर जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. सुनील खवाड़े ने 80 खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि मड़ुआ और माड़-भात खाने वाले ग्रामीण बच्चों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर लाना ही हमारा मुख्य लक्ष्य है।
कंचनक्रांति ब्यूरो, देवघर।
देवघर जिला ओलंपिक संघ के तत्वावधान में आयोजित ओलंपिक सप्ताह का रविवार को भव्य समापन हो गया। स्थानीय इनडोर स्टेडियम में आयोजित इस समापन समारोह में विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के 80 उभरते खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. सुनील खवाड़े ने सभी प्रतिभावान खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया।
प्रतिभा को निखारना संघ का मुख्य उद्देश्य: डॉ. खवाड़े
खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को संबोधित करते हुए जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. सुनील खवाड़े ने एक बड़ा राजनीतिक व सामाजिक संदेश दिया। उन्होंने कहा, "हमारा मुख्य उद्देश्य खेल की जमीनी प्रतिभाओं को मांजना और निखारना है। मड़ुआ और माड़-भात खाकर विपरीत परिस्थितियों में रहने वाले ग्रामीण स्तर के बच्चों के भीतर छिपी खेल प्रतिभा को आगे लाना है। हमारा लक्ष्य उनमें खेल की ऐसी भावना जगाना है जिससे वे जिला से लेकर प्रदेश और देश स्तर पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें।"
उन्होंने आगे कहा कि ओलंपिक संघ के इस जमीनी प्रयास को बड़ी सफलता मिल रही है और साल दर साल मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों की संख्या में भारी इजाफा हो रहा है।
पालोजोरी में अगला टैलेंट हंट, कबड्डी के लिए ग्रामीण स्तर पर लगेंगे कैंप
डॉ. खवाड़े ने संगठन की आगामी रणनीतियों की घोषणा करते हुए बताया कि जिला ओलंपिक संघ हर प्रखंड में 'टैलेंट हंट' अभियान चलाकर छुपे हुए हीरों की तलाश कर रहा है। मोहनपुर और सारवां प्रखंड में इसका सफल आयोजन हो चुका है और अब आने वाले दिनों में पालोजोरी प्रखंड में टैलेंट हंट आयोजित किया जाएगा। ग्रामीण स्तर के कबड्डी खिलाड़ियों की खोज के लिए विशेष कैंप लगाए जाएंगे। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अतीत में भी गांवों से निकले खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ा मुकाम हासिल किया है।
संघ ने साल भर के खेलों का कैलेंडर तैयार कर लिया है, जिसके तहत आगामी दिनों में शतरंज और फिर स्कूल स्तर पर ओलंपिक खेलों का आयोजन होगा। डॉ. खवाड़े ने कहा, "खिलाड़ियों को आराम नहीं करने देना है, उन्हें खेल के मैदान में पसीना बहाकर देश का नाम रोशन करना है।"
खेलों में बढ़ रही है आधी आबादी की भागीदारी: चंदना झा
समारोह को संबोधित करते हुए जिला ओलंपिक संघ की सचिव चंदना झा ने महिला खिलाड़ियों की बढ़ती संख्या पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जिला ओलंपिक संघ का विशेष प्रयास है कि खेलों में आधी आबादी (बेटियों) की भागीदारी को और अधिक मजबूत व सुरक्षित किया जाए।
इस अवसर पर जिला खेल प्राधिकरण के सचिव आशीष झा, जिला ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष संजय मालवीय, वीरेंद्र सिंह, धर्मेंद्र देव, विजय कुमार सनातन, नवीन शर्मा, कृष्ण कुमार बरनवाल, दीपक दुबे सहित खेल जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग और खेल प्रेमी उपस्थित थे।
.............................................................................................................................
