निशा भगत आत्महत्या प्रकरण को लेकर देवघर में भाजपा महिला मोर्चा ने शिवलोक परिसर से टावर चौक तक कैंडल मार्च निकाला। भाजपा नेताओं ने झारखंड सरकार के खिलाफ विरोध जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर। निशा भगत आत्महत्या प्रकरण को लेकर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा के नेतृत्व में बुधवार को देवघर में कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ विरोध जताते हुए घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। कैंडल मार्च शिवलोक परिसर से शुरू होकर टावर चौक तक पहुंचा। इसमें भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों, महिला कार्यकर्ताओं और पार्टी के अन्य नेताओं ने हिस्सा लिया।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सचिन रवानी ने कहा कि निशा भगत आदिवासी महिला नेत्री थीं और हमेशा आदिवासी समाज की आवाज बनकर उनके हितों से जुड़े मुद्दों को उठाती रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार, पुलिस प्रशासन और माफिया के दबाव के कारण उनकी आवाज को दबाने का प्रयास किया गया। उन्होंने घटना पर सवाल उठाते हुए कहा कि पूरे मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए। उनके अनुसार, इसे केवल आत्महत्या का मामला मानकर नहीं छोड़ा जाना चाहिए, बल्कि इसके पीछे की परिस्थितियों और कथित प्रताड़ना की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
महिलाओं की सुरक्षा पर सरकार को घेरा
भाजपा जिला उपाध्यक्ष विजया सिंह ने कहा कि झारखंड में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार, दुष्कर्म और हत्या की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि निशा भगत प्रकरण ने एक बार फिर आदिवासी महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। भाजपा महिला मोर्चा महिलाओं पर होने वाले अत्याचार के खिलाफ लगातार आवाज उठाता रहेगा।
भाजपा नेत्री रीता चौरसिया ने भी राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि झारखंड में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को लेकर सरकार के दावों पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की घटनाओं में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि निशा भगत जैसी महिलाओं द्वारा भ्रष्टाचार और व्यवस्था से जुड़े मुद्दे उठाए जाने के बाद उनके साथ क्या परिस्थितियां बनीं, इसकी गंभीरता से जांच होनी चाहिए।
बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता हुए शामिल
कैंडल मार्च में अलका सोनी, ममता गुप्ता, नीतू देवी, विनीता पासवान, सावित्री देवी, संध्या कुमारी, रूबी मिश्रा, मीना झा, मुन्नी देवी, लक्ष्मी देवी, सुप्रिया कुमारी, सरिता वर्मा, शारदा देवी, रिंकू सिंह और मौसमी कुमारी सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता शामिल हुईं।
इसके अलावा जिला उपाध्यक्ष पंकज सिंह भदौरिया, मुकेश पाठक, सचिन सुल्तानिया, नगर अध्यक्ष सोनाधारी झा, संजय गुप्ता, उमाशंकर प्रजापति, अभिषेक कुमार, शालो देवी, अमरनाथ गुप्ता और दिलीप सिंह सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी कैंडल मार्च में हिस्सा लिया।
………………………………………………………………………………………..
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822
