फ्लिपकार्ट, अमेजन, एयरटेल पेमेंट बैंक और फोनपे के नाम पर लोगों को बनाता था निशाना, मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

देवघर पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक पर फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि और बैंक अधिकारी बनकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फ्लिपकार्ट, अमेजन, एयरटेल पेमेंट बैंक और फोनपे जैसी कंपनियों के नाम का इस्तेमाल कर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। इसके अलावा प्रधानमंत्री किसान योजना और लोन दिलाने का झांसा देकर भी लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा था।

देवघर के पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में वरीय पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) कैलाश प्रसाद महतो के निर्देशन में 10 नवंबर 2026 को छापेमारी कर एक साइबर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि सारवां थाना क्षेत्र में कुछ संदिग्ध साइबर अपराधी फर्जी तरीके से फ्लिपकार्ट और अमेजन के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, एयरटेल पेमेंट बैंक के पदाधिकारी तथा गूगल पर फोनपे कस्टमर केयर के नाम से आम लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। आरोपी प्रधानमंत्री किसान योजना और लोन दिलाने के नाम पर भी फर्जी मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर लोगों को झांसा दे रहे थे।

कैशबैक का लालच देकर करते थे ऑनलाइन ठगी

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की ठगी करने की शैली भी सामने आई है। वह फर्जी गूगल पे, फोनपे, पेटीएम कस्टमर केयर अथवा आईआरसीटीसी पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को कैशबैक देने का लालच देता था। इसके बाद उन्हें फोनपे गिफ्ट कार्ड बनाने के लिए प्रेरित करता और फिर उस गिफ्ट कार्ड को रिडीम कर ठगी करता था।

इसके अलावा आरोपी खुद को एयरटेल पेमेंट बैंक का अधिकारी बताकर लोगों को झांसे में लेता था। एयरटेल थैंक्स ऐप के माध्यम से एयरटेल पेमेंट बैंक कार्ड बंद कराने तथा आम सहायता के नाम पर कार्ड दोबारा चालू कराने का भरोसा देकर भी लोगों को ठगी का शिकार बनाया जाता था।

मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस द्वारा बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में उसकी संलिप्तता सामने आई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रविंद्र दास (26 वर्ष), पिता अर्जुन दास, निवासी बोचबांध, थाना पथरड्डा ओपी, जिला देवघर के रूप में हुई है। इस कार्रवाई में सारवां थाना प्रभारी पुअनि संदीप कुमार एवं सारवां थाना की पुलिस टीम शामिल थी।

………………………………………………………………………………………..

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office  - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822