कोडरमा जिले के तिलैया डैम ओपी क्षेत्र में बुधवार सुबह एक स्कूल वैन पलटने से चार बच्चे घायल हो गए। गनीमत रही कि सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं। पूरी खबर विस्तार से पढ़ें।
कोडरमा। झारखंड के कोडरमा जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। बुधवार की सुबह तिलैया डैम ओपी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हरली बिरसोडीह इलाके में बच्चों से भरी एक स्कूल वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में वैन में सवार चार बच्चे घायल हो गए हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि दुर्घटना में घायल हुए सभी बच्चे पूरी तरह खतरे से बाहर हैं और उनका प्राथमिक इलाज कराया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटनाग्रस्त वैन तिलैया के भादोडीह स्थित एपीएस स्कूल (APS School, Bhadodih) की है। रोजाना की तरह वैन बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी, तभी हरली बिरसोडीह के पास अचानक यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटना के वक्त स्कूल वैन में कुल आठ बच्चे सवार थे। वैन के पलटने से मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े और बिना समय गंवाए वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला।

हादसे में चार बच्चे घायल हुए हैं, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजनों में हड़कंप मच गया और वे तुरंत मौके पर पहुंचे। गनीमत यह रही कि समय रहते बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और सभी की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
इस घटना के बाद एक बार फिर स्कूली बच्चों को ढोने वाले वाहनों की सुरक्षा और फिटनेस को लेकर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और स्कूल प्रबंधन से मांग की है कि स्कूल वाहनों की गति सीमा और उनकी फिटनेस की नियमित जांच की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822