गाजियाबाद के सनसिटी में छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य और हिंदवी स्वराज्य पर आधारित ‘जाणता राजा’ महानाट्य का भव्य समापन हुआ। सांसद निशिकांत दुबे समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
छत्रपति शिवाजी महाराज के अदम्य साहस, राष्ट्रधर्म, स्वाभिमान और हिंदवी स्वराज्य की गौरवगाथा को मंच पर जीवंत करने वाला ऐतिहासिक महानाट्य ‘जाणता राजा’ बुधवार को गाजियाबाद के सनसिटी में भव्य समापन समारोह के साथ संपन्न हुआ। गोड्डा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने नाट्य का मंचन देखने के बाद इसे भारतीय इतिहास, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रगौरव से जुड़ा प्रेरणादायी आयोजन बताया।
दिव्य प्रेम सेवा मिशन, हरिद्वार के अध्यक्ष डॉ. आशीष गौतम के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस महानाट्य का उद्देश्य छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन, संघर्ष, शौर्य, सुशासन और राष्ट्रभक्ति से लोगों को परिचित कराना रहा। आयोजन के माध्यम से हिंदवी स्वराज्य, राष्ट्रधर्म और मातृभूमि के प्रति समर्पण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
समापन समारोह में गोड्डा के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे के अलावा स्वामी संतोषानंद महाराज, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, सांसद डॉ. भोला सिंह तथा उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री रामकेश निषाद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संपर्क प्रमुख डॉ. हरीश, फर्रुखाबाद के विधायक नागेंद्र सिंह राठौर और सिकंदराबाद के विधायक लक्ष्मीराज सिंह भी समारोह में शामिल हुए।
इस अवसर पर दिव्य प्रेम सेवा मिशन के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. संजय चतुर्वेदी, वैभव डांगे, नितिन सरदारे, सह प्रांत प्रचारक आनंद, राष्ट्रीय सह-संयोजक राघवेंद्र सिंह, आयोजन समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता, संयोजक विनय चौधरी और महामंत्री दीपक शर्मा सहित मिशन के अनेक कार्यकर्ता एवं आयोजन से जुड़े सहयोगी मौजूद रहे।

‘जाणता राजा’ को केवल एक नाट्य प्रस्तुति के बजाय छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और आदर्शों से प्रेरणा लेने का अवसर बताया गया। मंचन के जरिए उनके साहस, संघर्ष, दूरदर्शिता और सुशासन की परंपरा को रेखांकित किया गया। आयोजकों के अनुसार, इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन भारतीय इतिहास और गौरवशाली विरासत के प्रति नई पीढ़ी में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
दिव्य प्रेम सेवा मिशन के सेवा प्रकल्पों को समर्पित इस आयोजन का समापन राष्ट्रगौरव, सांस्कृतिक चेतना और मातृभूमि के प्रति समर्पण के संदेश के साथ हुआ।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822