जमालपुर में SBI के एटीएम में कार्ड फंसने के बाद साइबर ठगों ने पीड़ित पंकज कुमार के खाते से चार बार में 1.04 लाख रुपये उड़ा लिए। पीड़ित ने थाने में कार्रवाई की गुहार लगाई है

 

कंचन क्रांति न्यूज, मुंगेर।

मुंगेर के जमालपुर थाना क्षेत्र में एटीएम कार्ड फंसने का फायदा उठाकर साइबर ठगों द्वारा खाते से 1,04,999 रुपये की अवैध निकासी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित पंकज कुमार ने जमालपुर थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।

 

पुलिस को दिए आवेदन में पीड़ित पंकज कुमार ने बताया कि बीते 6 सितंबर को वे स्टेशन के सामने स्थित एसबीआई (SBI) एटीएम से रुपये निकालने गए थे। इसी दौरान उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया। कार्ड निकालने में असफल होने पर उन्होंने एटीएम बूथ पर लिखे एक मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। कॉल उठाने वाले अज्ञात व्यक्ति ने बताया कि मशीन खराब होने की वजह से कार्ड फंसा है और उसने पंकज को जुबली वेल स्थित एसबीआई शाखा जाने की सलाह दी।

 

झांसे में लेते हुए ठग ने पंकज को आश्वस्त किया कि उनका कार्ड ब्लॉक कर दिया गया है और सोमवार को बैंक खुलने पर उन्हें मिल जाएगा। लेकिन बाद में जब पंकज ने अपने खाते का स्टेटमेंट देखा तो उनके होश उड़ गए। शातिर ठगों ने चार अलग-अलग किस्तों में उनके बैंक खाते से कुल 1,04,999 रुपये उड़ा लिए थे। पीड़ित ने बैंक स्टेटमेंट और अन्य जरूरी दस्तावेजों की छायाप्रति पुलिस को सौंपते हुए अपनी डूबी राशि वापस दिलाने व ठगों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

 .............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822