जमुई के गिद्धौर में साइबर अपराधियों ने महिला के बैंक खाते से उड़ाए 1.48 लाख रुपये। बिना ओटीपी शेयर किए 10 बार में हुए ट्रांजैक्शन। 1930 पर कॉल करने से बची शेष राशि। जानिए पूरी खबर।
ए. आलम, जमुई:
जमुई जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र अंतर्गत गेनाडीह गांव निवासी छोटू शर्मा की पत्नी रोशनी कुमारी साइबर अपराधियों की बड़ी ठगी का शिकार हो गई हैं। शातिर साइबर क्रिमिनल्स ने उनके बैंक खाते से सेंधमारी करते हुए 1 लाख 48 हजार रुपये उड़ा लिए। हैरानी की बात यह है कि ये सारे पैसे अलग-अलग खातों में कुल 10 ट्रांजैक्शन के जरिए ट्रांसफर किए गए हैं। अचानक खाते से बड़ी रकम कटने के मैसेज आने के बाद पीड़िता और उसका परिवार दहशत में आ गया है।
बिना ओटीपी शेयर किए और बिना ऐप डाउनलोड किए कटे पैसे
पीड़िता रोशनी कुमारी का खाता यूको बैंक (रतनपुर शाखा) में है। उनके खाते में कुल 2 लाख 6 हजार 886 रुपये जमा थे। पीड़िता ने बताया कि वे न तो फोनपे (PhonePe) और न ही गूगल पे (Google Pay) जैसी किसी डिजिटल पेमेंट ऐप का इस्तेमाल करती हैं। उन्होंने किसी भी प्रकार का कोई ओटीपी (OTP) किसी के साथ शेयर नहीं किया था, न ही कोई अनजान ऐप डाउनलोड किया और न ही किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक किया था। उनके पास किसी तरह का कोई फ्रॉड कॉल भी नहीं आया था। इसके बावजूद अचानक खाते से लगातार पैसे कटने के 10 मैसेज आ गए।
1930 पर तुरंत कॉल करने से बची कुछ रकम
लगातार पैसे कटने के मैसेज आते ही पीड़िता ने सूझबूझ दिखाते हुए फौरन राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज कराई। समय पर शिकायत दर्ज होने की वजह से उनके खाते में 58 हजार 886 रुपये की राशि सुरक्षित बच गई। इसके बाद शनिवार की दोपहर करीब 1:00 बजे पीड़िता ने साइबर थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया और मामले की निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई।
खाते से अचानक पैसे गायब होने के असली कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। बैंक में भी इसकी शिकायत दर्ज करा दी गई है। फिलहाल साइबर थाना की पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है, ताकि अपराधियों का सुराग लगाया जा सके।