देवघर पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5 शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। फ्लिपकार्ट, गूगल पे और पीएम किसान योजना के नाम पर करते थे ठगी। जानिए पूरी खबर।
कंचन क्रांति न्यूज़, देवघर।
देवघर में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे लगातार अभियान के तहत देवघर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में गठित टीम ने छापेमारी कर पांच शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई देवघर जिले के खागा और करौं थाना क्षेत्र के अंतर्गत की गई है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि संदिग्ध साइबर अपराधी आम जनता को फर्जी तरीके से अपना शिकार बना रहे हैं। ये अपराधी फ्लिपकार्ट (FLIPKART), अमेज़न पे (Amazon Pay), एयरटेल पेमेंट बैंक (Airtel Payment Bank), गूगल पे, फोनपे के कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर तथा प्रधानमंत्री किसान योजना के नाम पर लोगों से ठगी करते थ। ये लोग कस्टमर केयर अधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को कैशबैक का लालच देकर ठगी करते थे। पीएम किसान योजना, बिजली बिल, आरटीओ चालान (RTO Challan) या आधार अपडेट के नाम पर फर्जी APK फाइल भेजकर मोबाइल का रिमोट एक्सेस हासिल कर खाते से पैसे उड़ा लेते हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने जिन 5 साइबर अपराधियों को दबोचा है, उनके नाम रविन्द्र नाथ घोषाल ( 24 वर्ष), पिता मनोज कुमार घोषाल, साकिन- रघुनाथपुर, थाना- रानीश्वर, जिला- दुमका, अजय कुमार मंडल (22 वर्ष), पिता आनंद मंडल, साकिन बिराजपुर, थाना खागा, जिला- देवघर, पिन्टु कुमार (26 वर्ष), पिता प्रदीप कुमार मंडल, साकिन- कड़बिदा, थाना- रामगढ़, जिला- दुमका, श्रीकांत महरा (32 वर्ष), पिता स्व. तुलु महरा, साकिन- तंगीडीह, थाना- पथरड्डा (ओ.पी.), जिला- देवघर और विकाश कुमार रवानी (30 वर्ष), पिता- गोपाल रवानी, साकिन- प्रतापपुर, थाना- करौं, जिला- देवघर हैं। इनमें अजय कुमार मंडल का आपराधिक इतिहास रहा है। यह पूर्व में देवघर साइबर थाना कांड संख्या 27/24 में आरोपित रह चुका है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 05 मोबाइल फोन और 08 सिम कार्ड बरामद किए हैं। तकनीकी जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि इनके पास से जप्त मोबाइल नंबरों और आईएमईआई (IMEI) नंबरों के विरुद्ध देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की कई शिकायतें दर्ज हैं। इस सफल छापेमारी दल में साइबर थाना के थाना प्रभारी पुनि देवेश कुमार भगत, खागा थाना प्रभारी पुअनि राजेश यादव व उनकी टीम तथा करौं थाना प्रभारी पुअनि दीपक भारती व उनकी टीम के अधिकारी व जवान शामिल रहे।
..........................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822