जमुई के पात्र कलाकारों को बिहार सरकार के 'कलाकार कल्याण कोष' के तहत इलाज, पढ़ाई और वाद्ययंत्रों के लिए ₹2 लाख तक की वित्तीय सहायता मिलेगी। जानें पात्रता और आवेदन की पूरी प्रक्रिया।

कंचन क्रांति न्यूज, जमुई।

बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग द्वारा राज्य के कलाकारों के सर्वांगीण कल्याण और संकट या विशेष अवसरों पर आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से 'कलाकार कल्याण कोष' के तहत आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई है। जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, जमुई के अनुसार इस योजना का मुख्य उद्देश्य जिले के प्रतिभावान व जरूरतमंद कलाकारों को चिकित्सा, उच्च अध्ययन और कलात्मक गतिविधियों के संवर्द्धन हेतु सहायता उपलब्ध कराना है।

 

प्रमुख वित्तीय सहायता प्रावधान:


चिकित्सा सहायता: गंभीर बीमारी या दुर्घटना की स्थिति में इलाज हेतु वास्तविक व्यय या अधिकतम ₹2,00,000 तक की सहायता। (यह लाभ उन्हीं कलाकारों को मिलेगा जो किसी अन्य सरकारी या निजी स्वास्थ्य बीमा से आच्छादित नहीं हैं। इसके लिए स्व-शपथ पत्र और मेडिकल दस्तावेज अनिवार्य हैं।)

उच्च अध्ययन व राष्ट्रीय/अंतरराष्ट्रीय प्रस्तुति: अंतरराष्ट्रीय या राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में प्रस्तुति हेतु यात्रा व्यय और दृश्य एवं प्रदर्श कला में उच्च शिक्षा/अनुसंधान (जैसे राष्ट्रीय नाट्य अकादमी में अध्ययन) के लिए अधिकतम ₹2,00,000 की मदद।

संगीतिक सामग्री व वाद्ययंत्र: कला सामग्री एवं वाद्ययंत्रों की खरीदारी पर मूल बिल प्रस्तुत करने पर अधिकतम ₹50,000 तक की राशि स्वीकृत की जाएगी।

 

पात्रता एवं आवश्यक शर्तें:


आवेदक की मासिक आय ₹30,000 से अधिक नहीं होनी चाहिए।

अद्यतन आय प्रमाण-पत्र, कलाकार पंजीयन पोर्टल पर पंजीकरण का प्रमाण तथा कलात्मक उपलब्धियों के दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य है।

एक कलाकार को एक वित्तीय वर्ष में केवल एक ही बार इस योजना का लाभ मिलेगा।

 

आवेदन कैसे करें?

पात्र कलाकार अपने वर्तमान पत्राचार के पते, ई-मेल और मोबाइल नंबर के साथ निर्धारित प्रपत्र में हस्ताक्षरित आवेदन "निदेशक (सांस्कृतिक कार्य निदेशालय), नया सचिवालय, विकास भवन, तीसरी मंजिल, पटना - 800015" के पते पर भेज सकते हैं। प्राप्त आवेदनों पर प्रति तीन माह में गठित अनुदान समिति द्वारा पारदर्शी प्रक्रिया से निर्णय लिया जाएगा।

 

.......................................................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822