जमुई के महराजगंज में प्रशासन की छापेमारी! बिना लाइसेंस के चल रही दो पटाखा दुकानें सील, 5 को नोटिस जारी। पढ़ें पूरी खबर।
ए. आलम, जमुई।
दीपावली के मद्देनजर जिला और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पर्व के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। सोमवार की देर शाम एसडीओ सौरभ कुमार के नेतृत्व में एसडीपीओ, थानाध्यक्ष और अग्निशमन विभाग की टीम ने जमुई के महराजगंज बाजार इलाके में औचक निरीक्षण किया।
अधिकारियों की टीम ने महराजगंज बाजार, बोधवन तालाब और पुरानी बाजार समेत विभिन्न इलाकों में संचालित पटाखा दुकानों की बारीकी से जांच-पड़ताल की। इस दौरान लाइसेंस और सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर अवैध रूप से संचालित की जा रही प्रमोद केशरी और पंकज केशरी की दुकानों को सील कर दिया गया। इसके अलावा, नियमों का उल्लंघन करने वाली अन्य 5 दुकानों को नोटिस जारी किया गया है।
अचानक हुई इस प्रशासनिक कार्रवाई से पटाखा दुकानदारों के बीच हड़कंप मच गया और बाजार में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया।
मानकों का पालन करने की सख्त चेतावनी
कार्रवाई के बाद एसडीओ सौरभ कुमार ने बताया कि दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए अवैध पटाखा बिक्री के खिलाफ यह विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी दुकानदार तय मानकों और वैध लाइसेंस के साथ ही पटाखों की बिक्री करें। घातक और प्रतिबंधित श्रेणी के पटाखों की बिक्री पर पूरी तरह रोक है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के दृष्टिकोण से यह जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822