उत्पाद विभाग की टीम को देख तेज रफ्तार से भागी कार का टायर हुआ पंचर; पुलिस के पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने लूटीं शराब की कई पेटियां
ए. आलम, जमुई।
जमुई जिले में शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने 768 बोतल अंग्रेजी शराब से लदी एक कार जब्त की है। शुक्रवार सुबह उत्पाद विभाग की टीम को देखकर भाग रहा कार सवार तस्कर नुमर गांव पहुंचते ही वाहन का टायर पंचर होने के बाद कार छोड़कर फरार हो गया। हालांकि, विभागीय टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों द्वारा शराब की करीब आधा दर्जन पेटियां निकाल लिए जाने की सूचना है।
उत्पाद थाना प्रभारी गौरी शंकर कुमार के नेतृत्व में एसआई मधुसूदन यादव, एएसआई प्रतिभा कुमारी सहित अन्य पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर शराब लदी कार को जब्त किया और उसे उत्पाद थाना लाया गया। जांच के दौरान कार से 34 पेटी में रखी 768 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इसकी कुल मात्रा 304.560 लीटर बताई गई है।
बाबा ढाबा के पास से शुरू हुआ पीछा, नुमर में पंचर हुई कार
उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार ने शुक्रवार शाम करीब सात बजे कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि शराब के खिलाफ छापेमारी के लिए उत्पाद विभाग की टीम ड्रोन के साथ निकली थी। इसी दौरान टीम जब बाबा ढाबा के पास पहुंची तो मलयपुर स्टेशन की ओर से आ रही एक कार अचानक टीम को देखकर तेज गति से भागने लगी।
संदेह होने पर उत्पाद विभाग की टीम ने कार का पीछा किया। टीम से बचने के प्रयास में चालक कार लेकर नुमर गांव की ओर निकल गया। वहां पहुंचने पर कार का टायर पंचर हो गया। इसके बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
टीम के पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने निकाल लीं शराब की पेटियां

नुमर गांव में शराब लदी कार खड़ी होने की सूचना ग्रामीणों ने उत्पाद विभाग को दी। सूचना मिलते ही विभाग की दूसरी टीम को मौके पर भेजा गया। हालांकि, टीम के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों द्वारा शराब की करीब आधा दर्जन पेटियां निकाल लिए जाने की बात सामने आई है।
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जब्त कार से जांच के दौरान 34 पेटी में कुल 768 बोतल यानी 304.560 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। फरार चालक और तस्कर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, ग्रामीणों द्वारा शराब की पेटियां ले जाने की सूचना की भी जांच की जा रही है। उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई को शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822