देवघर में खपाने की थी तैयारी, उत्पाद विभाग और सशस्त्र बल की संयुक्त कार्रवाई में दो तस्कर गिरफ्तार
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
देवघर जिले में नकली शराब बनाने के लिए लाई जा रही स्प्रिट की बड़ी खेप का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। उत्पाद विभाग और सशस्त्र बल की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर दो बोलेरो वाहनों से करीब 1200 लीटर स्प्रिट बरामद की है। इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
उत्पाद विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 28 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे सूचना मिली थी कि गिरिडीह-जमुआ की तरफ से सफेद रंग की दो बोलेरो गाड़ियों में नकली शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली स्प्रिट लोड कर देवघर थाना क्षेत्र के खबरी गांव की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने 29 अक्टूबर की रात करीब 12:30 बजे वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान रात करीब 1:20 बजे गिरिडीह-जमुआ की ओर से तेज रफ्तार में आ रही दोनों बोलेरो दिखाई दीं। टीम ने टॉर्च की रोशनी से वाहनों को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालकों ने रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की। सशस्त्र बल के सहयोग से पीछा करने के बाद दो व्यक्तियों को पकड़ लिया गया, जबकि तीसरा व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मधुपुर थाना क्षेत्र के लालगढ़ गांव निवासी 42 वर्षीय अकबर अली, पिता मो. कलीम शेख और बुढ़ई थाना क्षेत्र के सुमगापहाड़ी गांव निवासी 26 वर्षीय दिवाली राय, पिता स्व. लक्ष्मण राय के रूप में हुई है। वहीं, फरार व्यक्ति की पहचान खबरी गांव निवासी करीब 31 वर्षीय मनु यादव, पिता सकलदेव महतो के रूप में बताई गई है। इसके बाद दोनों बोलेरो वाहनों की तलाशी ली गई। इस दौरान बोलेरो संख्या JH04E 4414 से 10 प्लास्टिक गैलन में भरी करीब 400 लीटर स्प्रिट बरामद हुई। वहीं, दूसरी बोलेरो संख्या JH15E 7080 से 20 प्लास्टिक गैलन में रखी करीब 800 लीटर स्प्रिट जब्त की गई। इस तरह दोनों वाहनों से कुल 1200 लीटर स्प्रिट बरामद की गई।
उत्पाद विभाग ने तीनों प्राथमिक अभियुक्तों के खिलाफ बुढ़ई थाना कांड संख्या 49/26, दिनांक 29 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 274/275 तथा झारखंड उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए), 47(बी), 47(डी) और 55 के तहत मामला दर्ज किया है।छापेमारी दल में बुढ़ई थाना प्रभारी पुनि मनोरंजन महतो, पु.अ.नि. रूप सिंह मुर्मू, स.अ.नि. सुभाष कच्छप, स.अ.नि. धर्मेंद्र कुमार तथा सशस्त्र बल के जवान एवं स्थानीय चौकीदार शामिल थे।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822