झारखंड हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को झारखंड पात्रता परीक्षा (JET) दोबारा कराने का आदेश दिया है। जेपीएससी को अधियाचना मिलने के 6 महीने के भीतर परीक्षा पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

कंचन क्रांति न्यूज, रांची।

झारखंड में असिस्टेंट प्रोफेसर और लेक्चरर बनने की आस लगाए बैठे युवाओं के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। झारखंड हाईकोर्ट ने झारखंड पात्रता परीक्षा (JET) को दोबारा कराए जाने का आदेश दिया है। मामले की सुनवाई करते हुए झारखंड हाईकोर्ट ने गुरुवार को राज्य सरकार को निर्देश दिया कि जेट परीक्षा आयोजित कराने के लिए झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) को नए सिरे से अधियाचना भेजी जाए।

चीफ जस्टिस एमएस सोनक और जस्टिस राजेश शंकर की खंडपीठ ने सुनवाई के दौरान जेपीएससी को स्पष्ट निर्देश दिया है कि सरकार से अधियाचना प्राप्त होने के छह महीने के भीतर परीक्षा संपन्न कराकर उसका परिणाम प्रकाशित किया जाए। अदालत रांची विश्वविद्यालय समेत राज्य के अन्य विश्वविद्यालयों में नियमित नियुक्तियों की मांग को लेकर दायर अनिकेत ओहदार की जनहित याचिका पर सुनवाई कर रही थी।

क्यों रुकी थी परीक्षा की प्रक्रिया?

सुनवाई के दौरान जेपीएससी की ओर से अधिवक्ता अभय प्रकाश ने अदालत को अवगत कराया कि जेट परीक्षा पहले ही आयोजित की जा चुकी थी और आयोग मॉडल आंसर-की जारी कर अभ्यर्थियों से आपत्तियां मांगने की तैयारी में था। इसी बीच जेपीएससी के तत्कालीन अध्यक्ष ने इस्तीफा दे दिया, जिसके बाद आयोग में जांच और प्रशासनिक प्रक्रियाएं शुरू हो गईं। इस परिस्थितियों के बीच राज्य सरकार ने झारखंड पात्रता परीक्षा का विज्ञापन रद्द कर दिया था। हालांकि, अदालत ने संज्ञान लिया कि सरकार के इस रद्दीकरण आदेश को किसी ने चुनौती नहीं दी थी, जिसके बाद अदालत ने सरकार को नए सिरे से अधियाचना भेजने का निर्देश दिया।

गौरतलब है कि यह जनहित याचिका विश्वविद्यालयों में रिक्त पड़े पदों पर संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) आधारित नियुक्तियों को समाप्त कर नियमित बहाلي की प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग को लेकर दायर की गई है। इस आदेश के बाद अब राज्य में जेट परीक्षा के दोबारा आयोजन का रास्ता साफ हो गया है, जिससे हजारों योग्य अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822