किशनगंज पुलिस और एसटीएफ ने डंकी रूट से विदेश भेजने वाले दो शातिर आरोपियों को पटना से किया गिरफ्तार। मलेशिया में बैठे पाकिस्तानी एजेंट से जुड़ा था नेटवर्क, युवाओं को बंधक बनाकर होती थी वसूली।
कंचन क्रांति न्यूज, किशनगंज।
बिहार के किशनगंज जिले में पुलिस और एसटीएफ (STF) ने एक संयुक्त कार्रवाई करते हुए सीमांचल के युवाओं को डंकी रूट के जरिए अवैध रूप से विदेश भेजने वाले एक बड़े रैकेट का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो मुख्य आरोपियों को पटना से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हाजी नाहिद गनी (28), निवासी रौटा (पूर्णिया) और मोहम्मद तबरेज़, निवासी कलठिया, अनगढ़ (पूर्णिया) के रूप में हुई है।
किशनगंज एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने एसटीएफ के सहयोग से शुक्रवार (16 अक्टूबर) को यह छापेमारी कर दोनों को दबोचा। शनिवार को किशनगंज एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज ने अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता कर इस पूरे मामले का खुलासा किया।
दुबई, सऊदी अरब, थाईलैंड और मलेशिया में नौकरी दिलाने का झांसा
एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी युवाओं को दुबई, सऊदी अरब, थाईलैंड और मलेशिया में नौकरी दिलाने का झांसा देते थे और उनसे मोटी रकम वसूलते थे। ये दोनों आरोपी 'हाजी नाहिद गनी प्राइवेट लिमिटेड' और 'तैबा टूर एंड ट्रेवल्स' नाम से कंपनियां चलाते थे। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी युवाओं को गैरकानूनी डंकी रूट के जरिए थाईलैंड और मलेशिया के रास्ते विदेश भेजते थे।
मलेशिया में बैठा पाकिस्तानी एजेंट
प्रेसवार्ता के दौरान सबसे चौंकाने वाला खुलासा करते हुए एसडीपीओ खुसरू सिराज ने बताया कि इस अवैध नेटवर्क में मलेशिया में रह रहा एक पाकिस्तानी एजेंट भी गिरफ्तार आरोपियों का सहयोगी था। विदेश पहुंचने के बाद युवाओं को वहां बंधक बना लिया जाता था और उनसे जबरन मजदूरी कराई जाती थी। इसके अलावा, पीड़ित परिवारों से उन्हें मुक्त कराने के एवज में दोबारा फिरौती के रूप में भारी रकम वसूली जाती थी।
एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज, पुलिस खंगाल रही कुंडली
पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ किशनगंज जिले के बहादुरगंज, कोचाधामन, बिशुनपुर थाना और पूर्णिया जिले के रौटा थाना में धोखाधड़ी, मानव तस्करी और बंधक बनाने के एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। किशनगंज के बिशुनपुर थाने में दर्ज एक मामले के मुताबिक, एक शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उनके पुत्र को विदेश में रोजगार दिलाने के नाम पर 1 लाख 80 हजार रुपए ठगे गए। युवक को पहले पटना से दिल्ली और फिर थाईलैंड भेजा गया, जहां से उसे डंकी रूट के जरिए मलेशिया पहुंचाया गया और वादे के मुताबिक काम नहीं दिया गया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि यह नेटवर्क कितने बड़े पैमाने पर फैला हुआ है।
संपत्ति जब्ती और आगे की कार्रवाई
पुलिस अब आरोपियों के संपर्कों, कथित विदेशी एजेंटों और उनके बैंक खातों के जरिए होने वाले आर्थिक लेन-देन की बारीकी से जांच कर रही है। अपराध से अर्जित की गई संपत्ति का पता लगाकर नियमानुसार जब्ती की कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। इस सफल अभियान में किशनगंज एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज, डीआईयू प्रभारी मोहम्मद मुश्ताक, इंस्पेक्टर राजू कुमार, अवर निरीक्षक सोना कुमार, नीतीश कुमार, राहुल कुमार और एसटीएफ व डीआईयू टीम के सिपाही सुनील कुमार शामिल रहे।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822