मधुपुर के पथरड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत केराबांक गाँव में सीएसपी से पैसे निकालकर लौट रही महिला से लूट और हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। पुलिस ने दोनों पक्षों पर केस दर्ज कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूरी खबर पढ़ें कंचन क्रांति न्यूज़ पर 

चंदन कुमार ठाकुर, मधुपुर (देवघर)।

पथरड्डा थाना क्षेत्र के केराबांक गाँव में दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प और पैसों की छिनतई के मामले में पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस प्राथमिकी (Cross FIR) दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक पक्ष से तीन मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे पक्ष के अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी जारी है।

सीएसपी से पैसे निकालकर लौट रही महिला से लूट और मारपीट

मामले को लेकर प्रथम पक्ष की पीड़िता भवानी देवी (पति- टेकलाल पंडित, उम्र 54 वर्ष, निवासी- केराबांक) ने थाने में लिखित आवेदन दिया है। उनके अनुसार, यह घटना 2 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार) को सुबह करीब 11:00 बजे की है। भवानी देवी खरवाजोरी स्थित सीएसपी बैंक से 28,000 रुपये नकद निकालकर अपने घर लौट रही थीं।

 आरोप है कि परमेश्वर पंडित के मकान के पास पहले से घात लगाए बैठे गाँव के ही घनश्याम पंडित, गुद्दु पंडित, योगेन्द्र पंडित, गगन पंडित, सुधाकर पंडित, फाल्गुनी पंडित, धनु पंडित, शीतल पंडित, कलेश्वर पंडित और गुउब पंडित समेत अन्य लोगों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया।

लाठी, फरसा और लोहे की रॉड से हमला

पीड़िता ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने डायन का आरोप लगाते हुए उनके साथ गाली-गलौज और बेरहमी से मारपीट की। घनश्याम पंडित, गुद्दु पंडित और सुधाकर पंडित ने उनका गला दबाकर जमीन पर पटक दिया और उनके पास रखे 28,000 रुपये नकद छीन लिए। इस दौरान उनके कपड़े फाड़कर लज्जा भंग करने का भी गंभीर आरोप लगाया गया है। बीच-बचाव करने पहुंचे नरेश पंडित, परमेश्वर पंडित और बिमुल पंडित पर भी हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। धारदार फरसे से हमला कर नरेश पंडित का बायाँ पैर जख्मी कर दिया गया, जबकि सुधाकर पंडित ने लोहे की रॉड से मारकर परमेश्वर पंडित के बाएँ पैर को गंभीर रूप से चोटिल कर दिया।

 दोनों पक्षों पर FIR दर्ज, पुलिस की सख्त कार्रवाई

घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से थाने में लिखित शिकायत दी गई, जिसके आधार पर पथरड्डा पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है।  मामला दर्ज होते ही पुलिस एक्शन मोड में आ गई। एक पक्ष से 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, वहीं दूसरे पक्ष के आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भी दबिश बनाई जा रही है। फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर कड़ी नज़र रखी जा रही है।

..........................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822।