महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक मामले में फरार आरोपी अशोक कुमार साव पटना के रुकनपुरा से गिरफ्तार। बिहार एसटीएफ और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त कार्रवाई। पढ़ें पूरी खबर।
कंचन क्रांति न्यूज़, पटना।
महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) का प्रश्न पत्र लीक करने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी अशोक कुमार साव को पटना के रुकनपुरा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है। यह संयुक्त कार्रवाई रविवार को बिहार एसटीएफ (STF) और महाराष्ट्र पुलिस द्वारा की गई। गिरफ्तार आरोपी अशोक मूल रूप से नवादा जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र के डमैल गांव का निवासी है। गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ ने उसे अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए महाराष्ट्र पुलिस को सौंप दिया है।
ठाणे पुलिस ने दाखिल किया था आरोप पत्र
महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक मामले में ठाणे पुलिस द्वारा कोर्ट में दाखिल चार्जशीट (आरोप पत्र) में कुल 18 आरोपियों के नाम शामिल हैं, जिनमें अशोक का नाम भी प्रमुखता से दर्ज है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में ठाणे के कोनगांव थाने में 27 जून 2026 को प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई थी।
जांच में समस्तीपुर के रहने वाले बिजेंद्र गुप्ता को इस पेपर लीक का सरगना (मास्टरमाइंड) चिन्हित किया गया था, जिसे पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपी अशोक साव पर आपराधिक विश्वासघात, धोखाधड़ी और महाराष्ट्र प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम के तहत अनुचित साधनों के प्रयोग का गंभीर आरोप है। मामला दर्ज होने के बाद से ही वह लगातार अपनी पहचान छिपाकर फरार चल रहा था।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822