गुवाहाटी के पास डिगारू स्टेशन पर कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस का इंजन और 5 डिब्बे पटरी से उतर गए। लोको पायलट के ट्रेन की स्पीड कंट्रोल न कर पाने के कारण यह हादसा हुआ।
गुवाहाटी। असम में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। कोलकाता से मिजोरम के सैरांग जा रही 'कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस' का इंजन और उसके 5 डिब्बे असम के कामरूप जिले में स्थित डिगारू रेलवे स्टेशन के पास पटरी से उतर गए। यह दुर्घटना सुबह लगभग 6:54 बजे घटी। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ है और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
उत्तर पूर्व सीमांत रेलवे (NFR) के प्रवक्ता द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, दुर्घटना उस समय हुई जब ट्रेन को डिगारू रेलवे स्टेशन पर रीसीव किया जा रहा था। इसी दौरान लोको पायलट ने एक अन्य ट्रेन को प्राथमिकता (Precedence) दी, लेकिन वह कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस की गति को नियंत्रित नहीं कर सका। ट्रेन की रफ्तार नियंत्रित न हो पाने की वजह से इंजन समेत 5 डिब्बे पटरी से नीचे उतर गए।
रेलवे प्रवक्ता ने राहत की सांस लेते हुए स्पष्ट किया कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के भी घायल होने की खबर नहीं है। हालांकि, घटनास्थल पर मौजूद कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि हादसे में कई यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं।
रेल प्रशासन ने हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। प्रभावित यात्रियों को उनके गंतव्य (सैरांग/आइजोल) तक पहुंचाने के लिए एक वैकल्पिक (Alternative) ट्रेन का प्रबंध किया गया है। दुर्घटनास्थल पर राहत ट्रेन भेज दी गई है ताकि पटरी से उतरे डिब्बों को हटाकर रेल यातायात जल्द से जल्द बहाल किया जा सके। उत्तर पूर्व सीमांत रेलवे के जनरल मैनेजर विवेक खरे अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थिति का जायजा लेने और बचाव कार्यों की निगरानी के लिए घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822
