माइक्रोसॉफ्ट इंडिया के एमडी राजीव कुमार पहुंचे अपने गृह शहर साहिबगंज। संत जेवियर्स स्कूल में बच्चों से साझा किए संघर्ष और सफलता के अनुभव, एआई युग में दी आगे बढ़ने की सीख। पढ़ें पूरी खबर कंचन क्रांति न्यूज पर।

कंचन क्रांति न्यूज, साहिबगंज

जिस माटी में बचपन बीता, जिन गलियों और कक्षाओं में सपनों ने परवान चढ़ाया, आज वर्षों बाद उन्हीं यादों के बीच लौटना मेरे लिए किसी तीर्थयात्रा से कम नहीं है... ये भावुक और गदगद करने वाले शब्द हैं माइक्रोसॉफ्ट इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर राजीव कुमार के हैं, जो अपनी धर्मपत्नी रेखा कुमारी के साथ अपने गृह शहर साहिबगंज पहुंचे। साहिबगंज की धरती पर कदम रखते ही उनका और उनकी माटी के सपूत का स्थानीय लोगों व उनके विद्यालय द्वारा अभूतपूर्व स्वागत किया गया।

संत जेवियर्स स्कूल में गूंजी सफलता की दास्तान

राजीव कुमार ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा इसी शहर के प्रतिष्ठित संत जेवियर्स स्कूल से हासिल की थी। शनिवार को जब वे अपने पुराने विद्यालय पहुंचे, तो प्राचार्य फादर अरुल डौस के नेतृत्व में स्कूल प्रबंधन ने उनका और उनकी पत्नी का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्हें शॉल ओढ़ाकर, मोमेंटो और पुष्पगुच्छ भेंट किया गया। इस दौरान उनके साथ आए उनके 10 पुराने सहपाठियों को भी सम्मानित किया गया, जिसने इस कार्यक्रम को और भी खास बना दिया। कार्यक्रम में उनके सहपाठी एवं एम्स के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. कैलाश प्रसाद ने भी अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

स्कूल के ऑडिटोरियम में छात्रों से संवाद करते हुए राजीव कुमार भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि संत जेवियर्स उनकी जिंदगी की पहली पाठशाला है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लें, क्योंकि असफलता ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने सीख दी कि इंसान को कभी भी पैसे के पीछे नहीं बल्कि उत्कृष्टता और अपने काम में गुणवत्ता के पीछे भागना चाहिए।

एआई के दौर और साहिबगंज से माइक्रोसॉफ्ट का सफर

विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बदलते दौर के लिए तैयार रहने का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले समय में तकनीक हर क्षेत्र को बदल देगी। ऐसे में जिज्ञासु बने रहना और लगातार सीखते रहना ही सफलता की कुंजी है।

साहिबगंज से वैश्विक तकनीकी जगत तक का उनका सफर हर युवा के लिए प्रेरणा है। उनके दिवंगत पिता प्रकाश चौधरी पुरानी साहिबगंज के निवासी थे और इसी संत जेवियर्स स्कूल में हिंदी शिक्षक के रूप में सेवा दी थी। वर्ष 1983 में यहाँ से आईसीएसई पास करने के बाद उन्होंने कोलकाता संत जेवियर्स कॉलेज, आईआईटी रुड़की और फिर अमेरिका की टेक्सास यूनिवर्सिटी से उच्च शिक्षा प्राप्त की। लंबी मेहनत के बाद 9 सितंबर 2019 को वे माइक्रोसॉफ्ट इंडिया के एमडी बने।

झारखंड के आईटी विकास में सहयोग का वादा

अपने गृह जिले से विशेष लगाव जताते हुए राजीव कुमार ने कहा कि झारखंड और साहिबगंज में आईटी एवं तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए यदि उन्हें कभी भी अवसर मिला, तो वे हरसंभव योगदान देने के लिए तत्पर रहेंगे। उन्होंने छात्रों से बड़े सपने देखने और अपनी मेहनत पर अटूट विश्वास रखने का आह्वान किया।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822