वैशाली के राघोपुर नाव हादसे में 13 बच्चों की मौत के बाद नेताओं का दौरा। चिराग पासवान, तेजस्वी यादव और पप्पू यादव ने पीड़ितों से मुलाकात की। पढ़ें कंचन क्रांति न्यूज पर पूरी रिपोर्ट।

 कंचन क्रांति न्यूज, हाजीपुर।

 वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत रामपुर श्यामचंद गांव में गंगा नदी में हुए भीषण नौका हादसे, जिसमें 13 मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई थी, के बाद से पूरा इलाका शोक में डूबा है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। हादसे के दूसरे दिन गुरुवार को शोक संतप्त परिजनों से मिलने और स्थिति का जायजा लेने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के दिग्गजों और नेताओं का तांता लगा रहा।

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने की मुलाकात, घायलों का जाना हाल

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान कैबिनेट की बैठक छोड़कर सीधे राघोपुर के रामपुर श्यामचंद गांव पहुंचे। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले 13 बच्चों के शोकाकुल परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया।

इसके बाद केंद्रीय मंत्री पटना के एनएमसीएच (NMCH) पहुंचे, जहां उन्होंने हादसे में घायल लोगों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। उनके साथ मंत्री संजय पासवान, संजय सिंह और विधान पार्षद अशरफ अंसारी भी मौजूद रहे।

तेजस्वी यादव के दौरे पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

नेता प्रतिपक्ष और स्थानीय विधायक तेजस्वी यादव भी शाम को घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद की फोन पर परिजनों से बात भी कराई। हालांकि, स्थानीय लोगों का गुस्सा उस वक्त फूट पड़ा जब उन्होंने तेजस्वी यादव के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। आक्रोशित ग्रामीणों ने कहा कि विधायक होने के बावजूद क्षेत्र में ऐसी बदहाल व्यवस्था और जर्जर नावों पर रोक क्यों नहीं लगी?

केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय और उपमुख्यमंत्री विजेंद्र यादव भी पहुंचे

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय (हाजीपुर विधायक अवधेश सिंह के साथ) तथा बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री विजेंद्र यादव (रामकृपाल यादव व अन्य के साथ) भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मिलकर संवेदना व्यक्त की और सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

पप्पू यादव ने की 20-20 लाख मुआवजे और बच्चियों की शादी का खर्च उठाने की घोषणा

पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव भी राघोपुर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मिलकर उनका दुख साझा किया। उन्होंने अपनी ओर से प्रत्येक पीड़ित परिवार को 10-10 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता दी।

पप्पू यादव ने राज्य सरकार से प्रत्येक मृतक बच्चे के परिजन को 20-20 लाख रुपये का मुआवजा देने और मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। साथ ही उन्होंने मानवीय पहल करते हुए घोषणा की कि हादसे से प्रभावित परिवारों की बचियों की शादी का पूरा खर्च वे स्वयं उठाएंगे। उन्होंने राज्यपाल से मिलकर इस पूरी घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822