आरएसएस देवघर जिला द्वारा शताब्दी वर्ष के तहत विजयादशमी उत्सव और पथ संचलन का आयोजन किया गया। सत्संग कल्याणपुर मैदान से निकले इस संचलन में स्वयंसेवकों ने राष्ट्रभाव का संदेश दिया।
विकास कुमार, देवघर।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) देवघर जिला की ओर से विजयादशमी के पावन अवसर पर विजयादशमी उत्सव एवं भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। संघ के शताब्दी वर्ष समारोह के तहत आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में अनुशासित कदमताल करते हुए संगठनात्मक एकजुटता और राष्ट्रभाव का मजबूत संदेश दिया।

यह पथ संचलन सत्संग स्थित कल्याणपुर मैदान से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों व चौराहों से होकर गुजरा। विजयादशमी के पारंपरिक उत्सव के साथ-साथ संघ का शताब्दी वर्ष होने के कारण इस आयोजन का विशेष महत्व रहा। रास्ते में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों द्वारा संचलन का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बैद्यनाथधाम गोशाला, देवघर के उपाध्यक्ष विनोद सुल्तानिया ने की, जबकि औपचारिक उद्घाटन संघ के देवघर विभाग प्रचारक बिगेंद्र कुमार द्वारा किया गया। इस आयोजन के माध्यम से संघ की समृद्ध परंपरा, अनुशासन और सामाजिक दायित्वों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को प्रमुखता से रेखांकित किया गया।
गौरतलब है कि कार्यक्रम को भव्य एवं सफल बनाने के लिए जिला कार्यवाह राजेश प्रसाद ने पूर्व में ही स्वयंसेवकों और आम प्रबुद्धजनों से उत्साहपूर्ण सहभागिता की अपील की थी।

................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822