साहिबगंज में गंगा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। उपायुक्त के आदेश पर दो दिन स्कूल बंद रहेंगे और राहत कार्य के लिए NDRF तैनात कर दी गई है।

कंचन क्रांति न्यूज, साहिबगंज।

साहिबगंज जिले में गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि और बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड़ पर आ गया है। उपायुक्त (DC) दीपक कुमार दूबे ने बाढ़ प्रभावित तटीय क्षेत्रों में स्थित सभी सरकारी व निजी विद्यालयों को बुधवार और गुरुवार (दो दिन) के लिए बंद रखने का निर्देश दिया है।

 

बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाने के लिए एनडीआरएफ (NDRF) की टीम साहिबगंज पहुंच रही है, जो बुधवार से मोर्चे पर तैनात रहेगी। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, मंगलवार शाम तक गंगा का जलस्तर खतरे के निशान (27.25 मीटर) को पार कर 28.56 मीटर पर पहुंच गया, जो खतरे के बिंदु से 1.31 मीटर ऊपर है। हालांकि, अन्य जिलों की तुलना में यहां जलस्तर अब स्थिर होने की ओर है।

 

सुरक्षा के दृष्टिकोण से नगर परिषद ने जिला मुख्यालय से सटे प्रमुख गंगा घाटों पर बैरिकेडिंग करा दी है और चेतावनी साइन बोर्ड लगा दिए हैं। प्रशासन ने आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुरक्षा निर्देशों का पालन करें तथा गहरे व खतरे वाले क्षेत्रों में जाने से बचें।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822