समस्तीपुर के विभूतिपुर में एसएच-55 पर मिर्च लेकर जा रहे पिकअप चालक की गोली मारकर हत्या। यूपी के रहने वाले थे मृतक अवनीश कुमार मौर्या। पढ़ें पूरी खबर।
कंचन क्रांति न्यूज, समस्तीपुर।
समस्तीपुर जिले में अपराधियों के हौसले पूरी तरह बुलंद हैं। विभूतिपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत समस्तीपुर-रोसड़ा एसएच-55 पर सिंघियाघाट पुल से पहले सलखन्नी के पास शुक्रवार अहले सुबह अज्ञात अपराधियों ने मिर्च लेकर जा रहे एक पिकअप चालक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के चंदौली थाना क्षेत्र अंतर्गत खगौल गांव निवासी गोरखनाथ मौर्या के 26 वर्षीय पुत्र अवनीश कुमार मौर्या के रूप में हुई है।
ओवरटेक कर रोकी गाड़ी, छीनी चाबी फिर मारी गोली
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, अवनीश कुमार मौर्य अपनी पिकअप गाड़ी पर उत्तर प्रदेश के सोनभद्र से हरी मिर्च लोड कर सहरसा की ओर जा रहा था। इसी दौरान सिंघियाघाट पुल से पहले अपराधियों ने उसका पीछा किया और ओवरटेक कर पिकअप को रुकवाया। बदमाशों ने पहले वाहन की चाबी अपने कब्जे में ली और फिर चालक को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी, हत्या के कारणों का अब तक खुलासा नहीं
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विभूतिपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामले को लेकर डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि फिलहाल हत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक अवनीश पिछले 8-9 महीनों से लगातार सब्जी लेकर सहरसा आ-जा रहा था। पुलिस आपसी रंजिश, लेनदेन या किसी अन्य विवाद को ध्यान में रखकर हर एंगल से मामले की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822