जमुई जिले के लछुआड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बारबांध आहर से एक युवक का संदिग्ध अवस्था में शव बरामद हुआ है। मृतक सोमवार शाम से लापता था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है
प्रवीण कुमार दुबे, सिकंदरा (जमुई)। बिहार के जमुई जिले के लछुआड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बरमान आहर (बारबांध आहर) में मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे एक 35 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध अवस्था में उपलाता हुआ मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। आहर में शव मिलने की खबर आग की तरह फैल गई, जिसके बाद घटनास्थल पर आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मृतक की पहचान सिकंदरा थाना क्षेत्र के रवैय गांव निवासी राजेंद्र महतो के 35 वर्षीय पुत्र मनोज महतो के रूप में की गई है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका आधिकारिक खुलासा नहीं हो सका है।
घटना की सूचना मिलते ही लछुआड़ थानाध्यक्ष रूपेश कुमार, पुलिस निरीक्षक स्वयं प्रभा और सिकंदरा थानाध्यक्ष विकास कुमार भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में स्थानीय गोताखोरों या मदद से शव को आहर से बाहर निकलवाया गया। इसके बाद शव की शिनाख्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
मृतक के भाई विनोद महतो ने बताया कि उनके भाई मनोज महतो सोमवार की शाम से ही अचानक लापता हो गए थे। परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं मिल पाया। मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे उन्हें बरमान आहर में एक शव मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद परिजन तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पुष्टि की।
मृतक के भाई विनोद महतो ने अपने भाई की हत्या किए जाने की गहरी आशंका जताई है। हालांकि, हत्या के पीछे के कारणों और इस घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता को लेकर फिलहाल कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक कभी-कभी शराब का सेवन भी करता था, लेकिन उसकी मौत का शराब से कोई सीधा संबंध है या नहीं, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
इस पूरे मामले पर जानकारी देते हुए लछुआड़ थानाध्यक्ष रूपेश कुमार ने बताया कि बारबांध आहर से मिले युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस इस घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं और पुलिस हर एंगल से मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822