पेड़ से लटकी मिली नाबालिग बच्ची की मौत आत्महत्या नहीं, बल्कि सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या थी। एसपी अनिमेष नैथानी ने ब्लाइंड केस का खुलासा करते हुए पांच नाबालिगों को निरुद्ध किया है। पढ़ें पूरी विस्तृत खबर


चतरा। झारखंड के चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र में 16 अक्टूबर को जंगल से एक नाबालिग बच्ची का शव पेड़ से लटका मिलने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शुरुआती जांच में जिसे आत्महत्या माना जा रहा था, वह दरअसल एक सनसनीखेज जघन्य हत्याकांड निकला। पुलिस के अनुसार, तीन नाबालिग लड़कों ने बच्ची के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को गमछे के सहारे पेड़ से लटका दिया गया था।

इस ब्लाइंड केस का खुलासा करते हुए रविवार को चतरा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनिमेष नैथानी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरी जानकारी साझा की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सन्नी वर्धन के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था। एसआईटी ने घटनास्थल से मिले मोबाइल फोन, अन्य तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय साक्ष्यों को आधार बनाते हुए अपनी जांच का दायरा बढ़ाया। कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस ने इस मामले में कुल पांच नाबालिगों को संरक्षण में लेकर पूछताछ शुरू की, जिसके बाद इस खौफनाक वारदात का पर्दाफाश हुआ।

पुलिस पूछताछ में जो तथ्य सामने आए, वे बेहद चौंकाने वाले थे। एसपी ने बताया कि 16 अक्टूबर की शाम को बच्ची को किसी बहाने जंगल में बुलाया गया था। वहां मौजूद नाबालिग मोबाइल फोन पर अश्लील वीडियो देख रहे थे। इसी दौरान उन्होंने बच्ची के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। जब बच्ची ने इसका कड़ा विरोध किया, तो तीन नाबालिगों ने उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। पकड़े जाने के डर और विरोध के चलते आरोपियों ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद पूरे मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को गमछे के सहारे पेड़ से लटकाया गया था।

मामले की वैज्ञानिक और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने घटनास्थल और मृतका के शरीर से कई महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्यों को सुरक्षित जब्त किया है। इन सभी साक्ष्यों को फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) जांच के लिए भेज दिया गया है ताकि अदालत में मजबूत सबूत पेश किए जा सकें। पुलिस ने संलिप्त पाए गए सभी पांचों विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है। वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस इस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822