नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में सहायक अध्यापक जोलेंन कुजूर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। डीएसपी रणवीर सिंह ने प्रेसवार्ता कर घटना की पूरी जानकारी दी
सिमडेगा । झारखंड के सिमडेगा जिले के केरसई थाना क्षेत्र से गुरु और शिष्य के रिश्ते को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। पुलिस ने एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी सहायक अध्यापक (पारा शिक्षक) जोलेंन कुजूर को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामले की जानकारी देते हुए सिमडेगा के डीएसपी रणवीर सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि पीड़िता के परिजनों द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया। पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपी शिक्षक जोलेंन कुजूर को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
डीएसपी रणवीर सिंह ने बताया कि इस संबंध में केरसई थाने में कांड संख्या 26/26 के तहत पोक्सो एक्ट और दुष्कर्म की संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के तहत सोमवार को पुलिस संरक्षण में नाबालिग छात्रा की मेडिकल जांच कराई गई। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कानूनी प्रक्रिया के तहत सख्त से सख्त सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
इस घटना के बाद से स्थानीय क्षेत्र में लोगों के बीच काफी आक्रोश है और दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822