IIIT रांची में प्रथम वर्ष के छात्र आदित्य कुमार की संदिग्ध मौत और मेडिकल लापरवाही के आरोपों के बाद छात्रों का अनिश्चितकालीन धरना। निदेशक और डीन के इस्तीफे की मांग। पूरी विस्तृत खबर पढ़ें


रांची। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT), रांची में प्रथम वर्ष के छात्र आदित्य कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया है। घटना से आक्रोशित छात्रों ने संस्थान प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए खेलगांव हाउसिंग कॉम्प्लेक्स स्थित हॉस्टल परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात IIIT रांची के प्रथम वर्ष के छात्र आदित्य कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ी और संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मौत हो गई। साथी छात्रों का आरोप है कि यदि समय पर सही चिकित्सीय सहायता मिल जाती, तो शायद आदित्य की जान बचाई जा सकती थी। छात्रों का दावा है कि संस्थान की एंबुलेंस की चाबी खोजने में ही 15 से 20 मिनट की भारी देरी हो गई, और जब एंबुलेंस मिली भी तो उसमें जीवन रक्षक ऑक्सीजन जैसी बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं थीं। इसके अलावा, हॉस्टल का एक कर्मी भी संकट के समय मौके से भाग खड़ा हुआ।

घटना के बाद से ही छात्रों में संस्थान के प्रबंधन के खिलाफ भारी गुस्सा है। छात्रों का कहना है कि संस्थान के निदेशक (Director) और एकेडमिक डीन (Academic Dean) पूरी तरह से इस लचर व्यवस्था के जिम्मेदार हैं। अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे छात्रों की प्रमुख मांगों में संस्थान के निदेशक और एकेडमिक डीन तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें।

आपातकालीन चिकित्सा में लापरवाही बरतने वाले और मौके से भागने वाले कर्मियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

हॉस्टल की स्वास्थ्य सेवाओं, सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था की एक उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच कराई जाए।

परिसर में छात्रों के लिए तुरंत बेहतर और 24/7 आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

छात्रों ने इस बात पर भी गहरा रोष जताया है कि इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद संस्थान के निदेशक मौके पर मौजूद नहीं थे, जिससे छात्रों में असुरक्षा की भावना और अधिक बढ़ गई है। फिलहाल, छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और न्याय मिलने तक धरना जारी रखने की बात कह रहे हैं। मौके पर तनाव को देखते हुए स्थिति पर नजर रखी जा रही है।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822