थाईलैंड के नोंथाबुरी प्रांत में 14 वर्षीय छात्र ने घर में दादा-दादी को गोली मारने के बाद स्कूल जाकर 5 शिक्षकों की हत्या कर दी और फिर खुदकुशी कर ली। स्वास्थ्य मंत्रालय ने घटना की पुष्टि की है।


बैंकॉक। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक से सटे नोंथाबुरी प्रांत में एक बेहद दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक 14 वर्षीय किशोर ने भयानक गोलीबारी करते हुए अपने दादा-दादी और स्कूल के 5 शिक्षकों की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी छात्र ने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

बीबीसी की रिपोर्ट और थाईलैंड के जन स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत आरोपी छात्र के घर से हुई।

थाईलैंड के जन स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि 9वीं कक्षा में पढ़ने वाले 14 वर्षीय छात्र ने सबसे पहले अपने घर पर ही अपने दादा-दादी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद दोनों बुजुर्गों के शव उनके घर में ही पाए गए।


घर पर दादा-दादी को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी छात्र नोंथाबुरी प्रांत स्थित डेबसिरिन स्कूल (Debsirin School - Nonthaburi Branch) पहुंचा। यहां उसने ताबड़तोड़ गोलीबारी करते हुए कम से कम पांच शिक्षकों की जान ले ली। अचानक हुई इस गोलीबारी से पूरे स्कूल परिसर में हड़कंप और दहशत का माहौल बन गया।


स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक, 5 शिक्षकों की निर्मम हत्या करने के बाद उस किशोर ने उसी हथियार से खुद को गोली मारकर अपनी जीवन लीला भी समाप्त कर ली।

पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। एक नाबालिग छात्र के पास हथियार कहाँ से आया और उसने इस भयावह वारदात को अंजाम क्यों दिया, इसके कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहनता से जाँच की जा रही है।