बेगूसराय के साहेबपुरकमाल में अनियंत्रित थार ने बाइक को मारी टक्कर। मुंगेर से दुर्गा पूजा मेला देखकर लौट रहे पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत। पढ़ें पूरी खबर डिजिटल फॉर्मेट में


बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले के साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। मंगलवार को शालीग्रामी गांव स्थित टोल प्लाजा के पास एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित थार गाड़ी ने सामने से एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में पिता-पुत्र समेत एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार महिला उछलकर करीब 20 मीटर दूर सड़क किनारे बने एक मकान के छप्पर पर जा गिरी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक अपनी बाइक पर सवार होकर मुंगेर जिला दुर्गा पूजा का मेला देखने गए थे। मेला देखने के बाद मंगलवार देर शाम वे अपने घर लौट रहे थे, तभी शाहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र के शालीग्रामी टोल प्लाजा के पास यह हादसा हो गया।

मृतकों की पहचान साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र के हीराटोल गांव के रहने वाले 43 वर्षीय संतोष यादव उर्फ सत्तन, उनके 7 वर्षीय पुत्र आयुष कुमार, और संतोष की सरहज 49 वर्षीया सुलेखा देवी के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, थार की रफ्तार बेहद तेज थी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सीधे थार में फंस गई और गाड़ी के साथ 10 मीटर से अधिक दूरी तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे के बाद चालक ने गाड़ी लेकर भागने की कोशिश की, लेकिन बाइक बुरी तरह फंस जाने के कारण वह सफल नहीं हो सका। इसके बाद चालक मौके पर ही थार छोड़कर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से जख्मी 7 वर्षीय बच्चे आयुष कुमार को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के घर में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार थार चालक की तलाश में जुट गई है।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822