• पावर बैंक में धुआं उठने और फटने की घटना के बाद लिया गया फैसला
  • सभी जोनल रेलवे को निर्देश जारी

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को अब रात के समय मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चार्ज करने में परेशानी हो सकती है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे बोर्ड ने रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक सभी यात्री कोचों में मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट बंद रखने का निर्देश दिया है। बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को इस आदेश का सख्ती से पालन कराने और इसमें किसी तरह की छूट नहीं देने को कहा है।

पावर बैंक की घटना के बाद बढ़ी सख्ती

रेलवे बोर्ड ने अपने निर्देश में दक्षिण पूर्व रेलवे (एसईआर) में हुई एक घटना का उल्लेख किया है। बताया गया है कि निर्धारित समय के दौरान ट्रेन के कोचों में मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट बंद नहीं किए गए थे। इसी दौरान चार्जिंग करते समय एक यात्री का पावर बैंक धुएं के साथ फट गया। इस घटना ने ट्रेनों में विद्युत उपकरणों के इस्तेमाल और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी।

घटना के बाद रेलवे बोर्ड ने चार्जिंग प्वाइंट बंद रखने संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुपालन को लेकर सख्ती बढ़ाने का निर्णय लिया है। रेलवे का उद्देश्य रात के समय चार्जिंग से जुड़ी संभावित आगजनी और अन्य दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करना है।

कर्मचारियों को प्रशिक्षण, औचक निरीक्षण के निर्देश

रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को संबंधित कर्मचारियों को सुरक्षा निर्देशों की जानकारी देने और आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने को कहा है। साथ ही, यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि निर्धारित समयावधि में सभी यात्री कोचों के मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट बंद रहें।

निर्देशों के पालन की निगरानी के लिए अधिकारियों और पर्यवेक्षकों को औचक निरीक्षण करने को भी कहा गया है। इसके जरिए यह जांच की जाएगी कि संबंधित कर्मचारी नियमों का पालन कर रहे हैं या नहीं और कहीं निर्धारित समय में चार्जिंग प्वाइंट चालू तो नहीं हैं।

सुरक्षा में लापरवाही पर रेलवे सख्त

रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े इस निर्देश के पालन में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी जोनल रेलवे को आदेश का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस फैसले के तहत यात्रियों को रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक ट्रेन के कोचों में उपलब्ध मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट का इस्तेमाल नहीं कर पाने की स्थिति के लिए तैयार रहना होगा। ऐसे में लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अपने मोबाइल और अन्य जरूरी उपकरणों को समय रहते चार्ज रखना उपयोगी होगा।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822