महाराजपुर में गंगा नदी के भीषण कटाव के कारण सातवें दिन भी ट्रेन परिचालन ठप है। रेलवे ने कटाव रोकने के लिए पहली बार 'पार्को पाइन' तकनीक का इस्तेमाल किया है। जानें पूरी खबर
साहिबगंज/महाराजपुर। महाराजपुर रेलवे क्षेत्र में गंगा नदी के हो रहे भयंकर कटाव के कारण रेल यातायात पर लगातार सातवें दिन भी ग्रहण लगा हुआ है। पटरियों के ठीक पास तक पहुंचे गंगा के उफान और कटाव को रोकने के लिए भारतीय रेलवे ने अपनी कवायद और तेज कर दी है। राहत की बात यह है कि स्थिति पर काबू पाने के प्रयास तेजी से जारी हैं और जल्द ही इस रूट पर ट्रेनों का परिचालन दोबारा शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
गंगा के बढ़ते खतरे और कटाव को प्रभावी ढंग से रोकने के लिए रेलवे ने इस क्षेत्र में पहली बार आधुनिक 'पार्को पाइन' तकनीक का इस्तेमाल किया है।
इसके तहत कंक्रीट के पांच स्लीपरों को आपस में जोड़कर एक ट्राइएंगुलर (त्रिकोणीय) ढांचा बनाया जा रहा है, जिसे सीधे तटबंध पर डाला जा रहा है ताकि पानी के तेज बहाव और कटाव की गति को तोड़ा जा सके।
इस विशेष तकनीक और तटबंध को मजबूत करने के काम में अब तक लगभग 15 वैगन स्लीपरों का इस्तेमाल किया जा चुका है।
रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों और इंजीनियरों की टीम लगातार मौके पर डटी हुई है और दिन-रात सुरक्षा कार्य युद्ध स्तर पर चल रहे हैं। युद्ध स्तर पर चल रहे इन बचाव कार्यों के पूरा होते ही इस रूट पर सुरक्षित ट्रेन परिचालन बहाल कर दिया जाएगा, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 898725982।