बोकारो के बारी को-ऑपरेटिव स्थित फ्लैट में तड़के दो शक्तिशाली संदिग्ध विस्फोट। बाल-बाल बचे 9 लोग। इंडियन ऑयल ने एलपीजी ब्लास्ट से किया इनकार, रांची एफएसएल टीम कर रही है जांच। पूरी खबर पढ़ें


बोकारो। सेक्टर-12 थाना क्षेत्र स्थित बारी को-ऑपरेटिव कॉलोनी में रविवार तड़के करीब तीन बजे एक सनसनीखेज घटना घटी। फ्लैट संख्या 95 में हुए दो शक्तिशाली विस्फोटों से पूरा इलाका दहल उठा। धमाके इतने जोरदार थे कि इनकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई। गनीमत यह रही कि इस भीषण हादसे में फ्लैट में सो रहे परिवार के सभी नौ सदस्य बाल-बाल बच गए, हालांकि घटना के बाद से पूरा परिवार गहरे सदमे और दहशत में है।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी डीएसपी राजीव रंजन और सेक्टर-12 इंस्पेक्टर सुदामा दास तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। शुरुआत में इसे एलपीजी सिलेंडर में विस्फोट माना जा रहा था, लेकिन तबाही का मंजर देख अधिकारियों का माथा ठनक गया।

मौके पर पहुंचे इंडियन ऑयल के अधिकारियों ने जांच के बाद स्पष्ट किया कि एलपीजी सिलेंडर या पीएनजी पाइपलाइन में ऐसा शक्तिशाली विस्फोट होना संभव नहीं है। किचन की लोहे की ग्रिल उखड़कर करीब दस फीट दूर जा गिरी और उसने बाउंड्री की दीवार को भी तोड़ दिया। फ्लैट का हर एक हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया है।

यह फ्लैट एके झा का है, जिनके दोनों बेटे बोकारो औद्योगिक क्षेत्र में डिटर्जेंट टिकिया बनाने की एक फैक्ट्री संचालित करते हैं। गृहस्वामी ने मीडिया को बताया कि धमाका इतना भयानक था कि सोते वक्त ऐसा महसूस हुआ मानो उनका पलंग और दीवान हवा में उड़ रहे हों।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तुरंत घटनास्थल को सील कर दिया है। रहस्य से पर्दा उठाने के लिए रांची से फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की विशेष टीम को बुलाया गया है।

सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने कहा कि फ्लैट के अंदर विस्फोट हुआ है। रांची एफएसएल टीम के साथ मिलकर मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि इस रहस्यमयी और शक्तिशाली विस्फोट के पीछे असल वजह क्या थी।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822