दुबई | पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच मंगलवार को ओमान के निकट स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दो तेल टैंकरों पर ईरान की ओर से कथित मिसाइल हमला किया गया। इस हमले में एक भारतीय क्रू सदस्य की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों में छह भारतीय और दो यूक्रेनी नागरिक शामिल हैं।
UAE के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, उसके राष्ट्रीय टैंकर 'मोम्बासा' (Mombasa) और 'अल बहियाह' (Al Bahiyah) ओमान के क्षेत्रीय जलक्षेत्र में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की दक्षिणी शिपिंग लेन से गुजर रहे थे। इसी दौरान दोनों जहाजों को दो ईरानी क्रूज मिसाइलों से निशाना बनाया गया।
हमले में मोम्बासा टैंकर पर तैनात एक भारतीय क्रू सदस्य की मौत हो गई। वहीं आठ अन्य लोग घायल हुए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि मिसाइल हमले के बाद दोनों टैंकरों में आग लग गई थी, जिसे बाद में नियंत्रित कर लिया गया। हालांकि, दोनों जहाजों को भारी नुकसान पहुंचा है।
UAE रक्षा मंत्रालय ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन बताया। मंत्रालय ने कहा कि देश अपनी सुरक्षा, नागरिकों और निवासियों की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाने और जवाब देने का अधिकार सुरक्षित रखता है।
अमेरिका ने मंगलवार तड़के ईरान पर सैन्य कार्रवाई की। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में ईरान के खिलाफ नौसैनिक नाकेबंदी बहाल करने की घोषणा की। इसके जवाब में ईरान ने कथित तौर पर बहरीन, जॉर्डन और UAE से जुड़े दो टैंकरों को निशाना बनाया।
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के दौरान अब तक 11 भारतीय नागरिकों की जान जा चुकी है। पिछले महीने भी पलाऊ ध्वज वाले टैंकर MT Settebello पर अमेरिकी हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत हुई थी।
प्रमुख बिंदु
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में UAE के दो टैंकरों पर मिसाइल हमला।
एक भारतीय क्रू सदस्य की मौत, छह भारतीय समेत आठ घायल।
चार घायलों की हालत गंभीर।
दोनों टैंकरों में आग लगी, बाद में काबू पाया गया।
UAE ने हमले को अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताते हुए जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी।
पश्चिम एशिया संघर्ष में अब तक 11 भारतीयों की मौत हो चुकी है।
