देवघर के नंदन पहाड़ से वीआईपी गाड़ी से चोरी हुआ SBI का एटीएम देवीपुर जंगल से कई टुकड़ों में बरामद। पुलिस जांच और खुलासे से जुड़ी पूरी खबर पढ़ें।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
आप ने पहले भी 'बिफोर-एंड-आफ्टर' (तब और अब) की बहुत सारी तस्वीरें देखी होंगी। अब ज़रा इस तस्वीर पर गौर फ़रमाइए—एक तस्वीर वह जब शातिर चोर वीआईपी गाड़ी से पूरा एटीएम उखाड़कर ले जा रहे थे, और दूसरी वह जब पुलिस को मेहनत के बाद इसके अवशेष मिले। यह देखकर आपको थोड़ी राहत और खुशी ज़रूर होगी कि हमारी पुलिस अभी भी जुटी हुई है। आख़िरकार, पुलिस लकीर पीटते-पीटते वहां तक पहुंच ही गई, जहां देवघर से चोरी गया SBI का एटीएम देवीपुर थाना क्षेत्र के जंगल से कई टुकड़ों में कटा हुआ बरामद हुआ। इत्मीनान रहिए पुलिस अब भी 'जांच' में जुटी है!
वीआईपी गाड़ी से आए, एटीएम उखाड़ ले गए... और पुलिस सीसीटीवी में ताकती रह गई!
देवघर के नंदन पहाड़ क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे चोरी भी 'रॉयल स्टाइल' में वीआईपी गाड़ियों से करने लगे हैं। चोरों का एक ग्रुप आया, वीआईपी गाड़ी लगाई, शटर काटा और एटीएम को घसीट कर ले गया। पूरा मोहल्ला गहरी नींद में था, जनता सपनों के लोक में थी और देवघर पुलिस अपनी चिर-परिचित कुंभकर्णी नींद में मस्त थी। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने का पारंपरिक नाटक कर रही है, जहां सब कुछ 'साफ' दिख रहा है, बस नतीजा गायब है!
यहाँ सोमवार आधी रात को बेखौफ चोर स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया (SBI) के पूरे एटीएम बूथ को ही उखाड़कर अपने साथ ले गए। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है। गनीमत यह है कि चोरों ने अभी तक देवघर का मंदिर या पूरा थाना उठाकर ले जाने की योजना नहीं बनाई, वरना पुलिस को उसकी भी भनक सुबह की चाय के बाद ही लगती।
सीसीटीवी में कैद हुई दुस्साहसिक वारदात
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस घटना को पूरी योजना के साथ अंजाम दिया गया। चोरों ने सबसे पहले एटीएम बूथ का शटर तोड़ा। सीसीटीवी फुटेज में साफ-साफ दिख रहा है कि बदमाशों ने सेवन-शीटर कार से रस्सी या चेन बांधकर एटीएम मशीन को उखाड़ा है।
घटना के वक्त एटीएम पर कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था, जिसका पूरा फायदा उठाकर 5 से 6 नकाबपोश बदमाशों ने इस वारदात को ऐसे अंजाम दिया, मानो वे बैंक से पैसे नहीं बल्कि अपना कोई पुश्तैनी सामान निकाल रहे हों।
पुलिस की 'मद्धिम चाल' और जंगल से बरामद अवशेष
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय नगर थाना पुलिस अपनी मद्धिम चाल से मौके पर पहुँची और नेहमी की तरह छानबीन शुरू की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें सब कुछ साफ दिखने के बाद आखिरकार तलाश करते-करते देवीपुर जंगल से एटीएम के कटे-छंटे अवशेष बरामद कर लिए गए।
मशीन में कुल कितना कैश था, इसका सटीक आकलन बैंक अधिकारियों के आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस जनता को यह आश्वासन देने में जुटी है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही इस गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।
रिपोर्ट: तरुण कुमार कंचन
..........................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822